आईआईटी ने बाहर निकाले गए सभी 71 छात्रों को एक मौका दिए जाने का फैसला लिया है। इस फैसले से निष्कासित छात्रों को भारी राहत मिली है। सीनेट की बैठक में लिए गए निर्णय के मुताबिक छात्रों को नए सिरे पहले वर्ष में प्रवेश लेना होगा। साथ ही प्रथम वर्ष में सभी विषयों को पास करने और पांच सीजीपीए अंक लाए जाने अनिवार्य होंगे।
कम सीजीपीए के चलते बाहर निकाले गए प्रथम वर्ष के 71 छात्रों को लेकर एक माह से चल रही कशमाकश सोमवार को राहत में बदल गई।
सोमवार से शाम साढ़े तीन बजे शुरू हुई सीनेट की दो घंटा चली बैठक में निर्णय लिया गया कि सभी छात्रों को एक मौका दे दिया जाएगा। सीनेट की बैठक के फैसले के बारे में जानकारी देते हुए संस्थान के रजिस्ट्रार प्रशांत गर्ग ने बताया कि इन सभी छात्रों को पहले वर्ष में नए सिरे से प्रवेश दिया जाएगा। इसके लिए 10 अगस्त अंतिम तिथि निर्धारित की गई है।