इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) की दिसंबर सत्रांत परीक्षाएं एक दिसंबर से शुरू होकर 2 जनवरी, 2015 तक चलेंगी।
क्षेत्रीय निदेशक डॉ. मनोरमा सिंह ने बताया कि लखनऊ क्षेत्रीय केंद्र के अंतर्गत लखनऊ, कानपुर, झांसी, बरेली, बलरामपुर, बांदा, बस्ती, फतेहगढ़, रायबरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, सीतापुर, हरदोई, ललितपुर और बाराबंकी में 22 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
इनमें लगभग 11 हजार अभ्यर्थी 350 विषयों की परीक्षा देंगे। चार केंद्र बरेली, झांसी, बाराबंकी और लखनऊ की जिला जेल में भी बनाए गए हैं जिससे कि वहां के कैदी जो कि इग्नू से पढ़ाई कर रहे हैं, परीक्षा दे सकें।
डॉ. मनोरमा ने बताया कि सभी परीक्षार्थियों को डाक द्वारा प्रवेश पत्र भेजे जा चुके हैं जिनको प्रवेश पत्र नहीं मिले वे इग्नू की वेबसाइट www.ignou.ac.in से डाउनलोड कर सकते हैं।
सहायक क्षेत्रीय निदेशक अंशुमान उपाध्याय ने बताया कि 29 और 30 नवंबर को इग्नू के अलीगंज स्थित क्षेत्रीय केंद्र पर हेल्प डेस्क लगाया जाएगा। जिन अभ्यर्थियों को कोई समस्या आती है वे यहां आ सकते हैं।
कम्प्यूटर पाठ्यक्रमों की प्रायोगिक परीक्षाएं जनवरी में होंगी जिसके लिए अलग से प्रवेश पत्र भेजे जाएंगे। बीएलआईएस की प्रायोगिक परीक्षा श्री जयनारायण पीजी कॉलेज और शाहजहांपुर के एसएसपीजी कॉलेज में होगी।