हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर ने बी-फार्मेसी दूसरे, चौथे, छठे, आठवें सेमेस्टर और एम-फार्मेसी दूसरे सेमेस्टर का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है। विवि के परीक्षा नियंत्रक सतीश कटवाल ने बताया कि बी-फार्मेसी और एम-फार्मेसी दोनों जगह लड़कियों ने बाजी मारी है।
बी-फार्मेसी दूसरे सेमेस्टर में बनीता कुमारी पुत्री मोहन सिंह ने 779 अंक लेकर प्रदेश भर में पहला स्थान हासिल किया है। बी-फार्मेसी चौथे सेमेस्टर में लक्ष्मी पुत्री नागेश्वर ने 816 अंक, छठे सेमेस्टर में प्रियंका जोशी पुत्री दीप जोशी ने 718 अंक लेकर टॉप किया है।
वहीं, आठवें सेमेस्टर में निधि शर्मा पुत्री नित्यानंद ने 656 अंक लेकर प्रदेश भर में प्रथम स्थान हासिल किया है। एम-फार्मेसी दूसरे सेमेस्टर में निधि सूद और सोनाली सूद ने 7.85 एसजीपीए लेकर प्रथम स्थान हासिल किया है।
इसमें बबली देवी और दीपशी अरोड़ा ने 7.7 एसजीपीए लेकर दूसरा, जबकि मिल्लो यंकू ने 7.45 एसजीपीए लेकर तीसरा स्थान हासिल किया है। इसके साथ ही एम-फार्मेसी दूसरे सेमेस्टर रि-अपीयर का रिजल्ट भी घोषित कर दिया है।