हिमाचल प्रदेश अधीनस्थ सेवाएं चयन बोर्ड हमीरपुर ने विभिन्न पदों के लिए आए 102 आवेदन रद्द कर दिए हैं। निर्धारित योग्यता पूरी नहीं करने पर ये आवेदन रिजेक्ट हुए हैं। इनमें जूनियर ड्राफ्ट्समैन, मत्स्य अधिकारी, स्टेनो टाइपिस्ट और प्रिजर्वेशन पदों के लिए आए आवेदन शामिल हैं।
जूनियर ड्राफ्ट्समैन के 73 आवेदन, मत्स्य अधिकारी के 15 आवेदन, स्टेनो टाइपिस्ट के 8, जबकि प्रिजर्वेशन असिस्टेंट के 6 आवेदन रद्द हुए हैं। पूर्व निर्धारित योग्यता के चक्कर में कई बेरोजगार युवा जूनियर ड्राफ्ट्समैन, मत्स्य अधिकारी, स्टेनो टाइपिस्ट और प्रिजर्वेशन असिस्टेंट बनने से वंचित रह गए हैं।
बोर्ड ने जूनियर ड्राफ्ट्समैन और मत्स्य अधिकारी के लिए वीरवार, जबकि स्टेनो टाइपिस्ट और प्रिजर्वेशन असिस्टेंट के पद के लिए 28 अक्तूबर को लिखित परीक्षा ली। आवेदन रिजेक्ट होने के चलते सौ से अधिक आवेदनकर्ता इन परीक्षाओं में भाग नहीं ले पाए।
चयन बोर्ड ने अपनी वेबसाइट पर रिजेक्ट हुए आवेदनों की सूची अपलोड कर दी है। बोर्ड सचिव विजय कुमार ने कहा कि वह बोर्ड से बाहर हैं, कार्यालय में पहुंचने के बाद ही कोई स्टेटमेंट दे सकते हैं।