हिमाचल प्रदेश अधीनस्थ सेवाएं चयन बोर्ड हमीरपुर ने प्रदेश के बेरोजगारों का मर्ज बढ़ा दिया है। अभ्यर्थियों ने चयन बोर्ड से गुजारिश की थी कि 6 मार्च को एक ही दिन होने वाली तीन परीक्षाएं में बदलाव कर उन्हें राहत प्रदान की जाए। लेकिन बोर्ड ने परीक्षाओं में किसी तरह के बदलाव से साफ इंकार कर दिया है।
अभ्यर्थियों सुदीप सिंह, प्रवेश शर्मा, राहुल वर्मा, पंकज कुमार, नानक चंद, केश्व कुमार, रमेश कुमार, मनोज, संदीप, राकेश, राजेश, तिलक, दीपक, राज कुमार आदि ने बताया कि अधीनस्थ सेवाएं चयन बोर्ड ने आठ फरवरी को घोषणा की थी कि 6 मार्च को सुबह के समय सहायक खनन निरीक्षक तथा दोपहर बाद स्टेनो टाइपिस्ट की प्रवेश परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।
दस फरवरी को प्रदेश लोक सेवा आयोग की घोषणा अनुसार 6 मार्च को अलाइड की मेन परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। अगस्त 2015 में लोक सेवा आयोग ने अलाइड की परीक्षा के लिए प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन किया था। इसमें उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए 6 मार्च को मेन परीक्षा निर्धारित की है।
अभ्यर्थियों ने तीनों पदों के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन शुल्क के साथ आवेदन किए और परीक्षाओं की तैयारी भी की है। लेकिन अब एक ही दिन तीन परीक्षाओं में भाग लेना मुश्किल है। अभ्यर्थियों ने बताया कि बोर्ड में
परीक्षा तिथि में बदलाव की मांग की गई थी, लेकिन बोर्ड ने ईमेल से जवाब देते हुए बदलाव करने से इंकार कर दिया है। अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से मांग की है कि उनके साथ न्याय किया जाए।
हिप्र अधीनस्थ सेवाएं चयन बोर्ड के चेयरमैन जोगराज ठाकुर ने बताया कि अलाइड के लिए स्नातक और असिस्टेंट माइनिंग इंस्पेक्टर के लिए दस जमा दो शैक्षणिक योग्यता होती है। बोर्ड ने अपनी यहां आयोजित की जाने वाली भर्ती परीक्षा तिथियां जारी कर दी हैं, बदलाव मुश्किल है।