इस साल होने वाली एचटेट (हरियाणा टीचर एलजिबिलिटी टेस्ट) परीक्षा ऑनलाइन होगी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ऑनलाइन के साथ-साथ परीक्षार्थियों को ऑफ लाइन की सुविधा भी देगा। ऑनलाइन परीक्षा देने वालों को शिक्षा बोर्ड खास रियायत देगा।
इस प्रक्रिया के तहत परीक्षार्थी को मनचाहा सेंटर मिल सकता है। अब तक कैट-जेईई (मेन) जैसी परीक्षा ऑनलाइन होती हैं, लेकिन हरियाणा देश का पहला ऐसा राज्य बन गया, जहां अध्यापक पात्रता परीक्षा ऑनलाइन होगी। शिक्षा बोर्ड ने इस साल प्रस्तावित एचटेट की परीक्षा ऑनलाइन कराने की तैयारी आरंभ कर दी है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, बोर्ड ने तय किया है कि जो परीक्षार्थी ऑनलाइन परीक्षा का ऑप्शन लेगा, उसे शिक्षा बोर्ड अपनी पसंद का परीक्षा केंद्र चुनने की छूट देगा। इसमें छोटी-सी शर्त भी है कि यह छूट परीक्षा केंद्र की उपलब्धता के आधार पर ही मिल पाएगी।