मिलिए, हरियाणा की उस एकमात्र बेटी से, जिसने विज्ञान वर्ग में टॉपर्स की मेरिट लिस्ट में जगह बनाई है। यह छात्रा महेद्रगढ़ की पूनम यादव हैं। हैप्पी एवरग्रीन स्कूल की छात्रा पूनम यादव ने 12वीं में विज्ञान वर्ग में देश में संयुक्त रूप से तीसरा स्थान पाकर और प्रदेश में टॉप रह कर इलाके का नाम रोशन कर दिया।
हरियाणा से यह इकलौती बेटी है, जिसने मैरिट लिस्ट में जगह बनाई है। उसने केमिस्ट्री में 100, फिजिक्स में 99, गणित में 100, म्यूजिक में 100 और इंग्लिश विषय में 95 अंक प्राप्त किए। मूल रूप से सुरजनवास गांव की पूनम के परिजनों को जब यह पता लगा कि वह देश भर में तीसरे स्थान पर और प्रदेश में टॉप किया है तो बधाई देने वालों का तांता लग गया।
ग्रामीण परिवेश में पली-बढ़ी पूनम ने बिना ट्यूशन के यह उपलब्धि हासिल की। उसके पिता आर्मी में नायब सूबेदार और मां गृहिणी हैं। पूनम ने परिणाम जारी होते ही सबसे पहले अपने पिता कंवर सिंह यादव को फोन कर यह सूचना दी। वे वर्तमान में जम्मू में तैनात हैं।
पूनम ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी मां भतेरी देवी और स्कूल स्टाफ को दिया। पूनम ने बताया कि मां उसे सुबह ही पढ़ने के लिए जगा देती थी, जिसकी वजह से प्रदेश को टॉप कर सकी। वह स्कूल टाइम के बाद शाम पांच बजे से 11 बजे तक नियमित पढ़ती थी और सुबह के सत्र में पढ़ाई की बजाए म्यूजिक सुनती थी।
बेटी नहीं बेटियों से कम:
पूनम की मां भतेरी देवी ने कहा कि उनकी बेटी ने साबित कर दिया कि बेटियां भी बेटों से कम नहीं हैं। उनकी बेटी ने पूरे परिवार का सीना गर्व से चौड़ा कर दिया है। हैप्पी एवरग्रीन स्कूल के एमडी मनीष अग्रवाल, स्कूल प्राचार्य डॉ. विजय सिंह, स्कूल के निदेशक अशोक शर्मा ने भी पूनम की उपलब्धि पर खुशी जताई।
जेईई मेन्स में भी आए अच्छे नंबर:
पूनम ने जेईई मेन्स में 193 अंक हासिल किए। कॅरियर पर सवाल पूछे जाने पर पूनम ने बताया कि, आगे क्या करना है ये अभी तय नहीं किया है लेकिन कुछ बड़ा करना है जिससे मेरे माता-पिता मेरे नाम से जाने जाएं।