राजधानी दून के ग्राफिक एरा विवि में शनिवार को पूर्व छात्रों के लिए मिलन समारोह ‘कनफ्लूएन्स-2013’ का आयोजन किया गया। इस मौके पर पहुंचे पूर्व छात्र कॉलेज को देखकर पुरानी यादों में खो गए। लंबे समय बाद एक दूसरे से मिलकर खूब बातें भी की।
विवि के एमबीए सभागार में समारोह का शुभारंभ कुलपति प्रो. वीके तिवारी ने दीप जलाकर किया। प्रो. एमपी सिंह ने विवि प्रबंधन की ओर से पूर्व छात्रों का स्वागत किया। कुलपति प्रो. तिवारी ने कहा कि सभी पूर्व छात्र विवि की पहचान हैं। उनके माध्यम से ही देश विदेश में ग्राफिक एरा को जाना जाता है।
सबने अपनी उपलब्धियां बताईं
पूर्व छात्रों ने अपने अनुभव बांटते हुए कई पुरानी यादों को ताजा किया और साथ ही अपनी उपलब्धियों से भी अवगत कराया। छात्रों ने ग्राफिक एरा विवि को अपनी सफ लता का श्रेय देते हुए कहा कि यहां की बुनियादी सुविधाओं, उत्कृष्ट पाठ्यक्रम तथा प्रबुद्ध शिक्षकों की बदौलत उन्हें कॉरपोरेट जगत में अपना स्थान बनाने में ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ी।
पूर्व छात्रों ने क्रिकेट, फुटबाल, रस्साकशी (टग ऑफ वॉर), साइक्लिंग, अंताक्षरी प्रतियोगिता तथा तम्बोला का भी आनंद लिया। विवि के अध्यक्ष कमल घनशाला ने कहा कि विवि एल्युमिनाई एसोसिएशन के देहरादून, दिल्ली तथा पूना में प्रकोष्ठ गठित किए गए हैं, जो देश-विदेश में कार्यरत पूर्व छात्रों के संपर्क में रहते हैं। इस मौके पर एल्युमनाई एसोसिएशन के समन्वयक डा. राजेश पोखरियाल, समीर गोयल, कुमार गोविन्द, हिमांशु राय गोयल, मंयक चतुर्वेदी, साक्षी उपाध्याय, अंकुर चौधरी, हेमन्त पोखरिया आदि मौजूद रहे।