एकल विषय में स्नातक करने की चाहत रखने वाले युवाओं के लिए अच्छी खबर है। उत्तराखंड मुक्त विवि ने चार एकल विषयों में स्नातक के लिए तीनों वर्षों की परीक्षाएं एक ही वर्ष में कराने की घोषणा की है।
इस एकल विषय कोर्स में दाखिला प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसमें वही दाखिला ले सकेंगे जो पहले स्नातक कर चुके हैं। विवि के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. राकेश रयाल ने बताया कि प्रदेश में विशेष मांग को देखते हुए विवि ने यह व्यवस्था शुरू की है।
इसके तहत संस्कृत, उर्दू, हिंदी और अंग्रेजी में से किसी एक विषय में स्नातक उपाधि की चाहत रखने वाले युवा दाखिला ले सकते हैं। शर्त यह है कि प्रथम, द्वितीय और तृतीय वर्ष का कोर्स एक ही साल में पढ़ना होगा।