नवयुग कन्या महाविद्यालय के स्वर्ण जयंती महोत्सव के चौथे दिन अंतरमहाविद्यालयी खेल प्रतियोगिताओं के अंतर्गत कबड्डी और टेबल टेनिस के सेमीफाइनल और फाइनल मैच खेले गए।
इसके साथ ही शनिवार को विविधता में एकता विषय पर नवयुग हाट/मेले का आयोजन किया गया। पहला मैच नवयुग कन्या महाविद्यालय और श्री गुरू नानक गर्ल्स डिग्री कॉलेज की टीम के बीच खेला गया।
इसमें गुरू नानक कॉलेज की टीम ने नवयुग को 32 प्वॉइंट्स से हराया। दूसरा मैच लखनऊ क्रिश्चियन कॉलेज और लखनऊ विश्वविद्यालय की टीम में हुआ, जिसमें लखनऊ क्रिश्चियन कॉलेज आठ प्वॉइंट्स से जीता।
तीसरे मैच में लखनऊ विश्वविद्यालय की टीम ने नवयुग की टीम को 10 प्वॉइंट्स से हराया। फाइनल मुकाबले में श्री गुरू नानक गर्ल्स डिग्री कॉलेज और लखनऊ क्रिश्चियन कॉलेज की टीम में कड़ी टक्कर हुई।
आखिरकार गुरू नानक कॉलेज की टीम ने क्रिश्चियन कॉलेज की टीम को पटखनी देते हुए 30 प्वॉइंट्स से मैच जीता। इस तरह कबड्डी में लखनऊ क्रिश्चियन कॉलेज की टीम दूसरे और लखनऊ विश्वविद्यालय की टीम तीसरे स्थान पर रही।
टेबिल टेनिस में हुआ कड़ा मुकाबला
टेबल टेनिस का सिंगल मैच जीएसआरएम डिग्री कॉलेज की स्वाति वर्मा और विद्यांत पीजी कॉलेज की प्रतीक्षा यादव के बीच हुआ। इसमें प्रतीक्षा ने 11-7, 11-8 और 11-7 से एक तरफा जीत दर्ज की।
टेबल टेनिस डबल्स का पहला मैच नवयुग कॉलेज की मंजू एवं रुचि, लखनऊ क्रिश्चियन कॉलेज की नूतन और गुलबहार के बीच हुआ। इसमें नूतन और गुलबहार ने शानदार शॉट्स का प्रदर्शन करते हुए 11-9, 11-5 और 11-6 से मैच जीता।
डबल्स का दूसरा मुकाबला नवयुग कॉलेज की मंजू एवं रुचि और लखनऊ विश्वविद्यालय की श्रद्घा एवं स्पर्धा में हुआ लेकिन इसमें भी नवयुग की टीम को हार का सामना करना पड़ा।
रुपये के गिरते मूल्य पर बने पोस्टर
समारोह के अंतर्गत कॉमर्स विभाग की संस्था ‘बजकॉम’ की ओर से ‘कॉमफेस्ट’ का आयोजन किया गया। फेस्ट में ‘भारतीय रुपये का अवमूल्यन रोकने के उपाय’ विषयक पोस्टर प्रतियोगिता सहित एडमेड, बिजनेस क्विज प्रतियोगिताएं हुईं।
पोस्टर प्रतियोगिता में महिला विद्यालय पीजी कॉलेज की आकांक्षा सिंह को प्रथम, डॉ. राजेंद्र प्रसाद गर्ल्स डिग्री कॉलेज की निशा को द्वितीय और नवयुग की निशा यादव एवं आभा सक्सेना को तृतीय स्थान मिला।
एडमेड प्रतियोगिता में एनर्जी ड्रिंक, डॉग फूड, स्लिमिंग प्रोडक्ट और ऑर्गेनिक फूड को शामिल किया गया। इसमें भी महिला कॉलेज की टीम को प्रथम पुरस्कार मिला, जबकि द्वितीय स्थान पर जयनारायण पीजी कॉलेज और तृतीय स्थान पर नवयुग की टीम रही।
बिजनेस क्विज में एमडी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी की टीम को प्रथम, नवयुग की टीम को द्वितीय और श्री गुरू नानक गर्ल्स डिग्री कॉलेज की टीम को तृतीय स्थान मिला।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यपाल के प्रमुख सचिव राजीव कपूर ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्रबंध समिति के अध्यक्ष विद्यासागर गुप्ता, कोषाध्यक्ष बीबी जिंदल आदि मौजूद रहे।