पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) कैंपस में नए सत्र की शुरुआत के साथ ही छात्र राजनीति भी तेज हो गई है। सभी छात्र संगठनों ने वोट बैंक बढ़ाने के लिए हेल्पडेस्क से संगठन का प्रचार करना शुरू कर दिया है।
पीयू कैंपस में लड़कियों के दबदबे को देखते हुए इस बार लगभग सभी छात्र संगठन ने हेल्पडेस्क की कमान लड़कियों को सौंपी है। छात्राएं भी अपने संगठन के लिए सुबह 10 से शाम 5 बजे तक नए स्टूडेंट्स को गाइड कर रही हैं।
सभी छात्र संगठनों के हेल्पडेस्क पर 5 से 6 लड़कियां बारी बारी से ड्यूटी देती हैं। इनसो के टेंट पर मास कम्यूनिकेशन विभाग की छात्रा निधि के अलावा रीटा, डा.आभा और स्वाति काउंसिलिंग कर रही हैं।
लड़कियों ने संभाला है छात्र संगठनों के लिए मोर्चा
एनएसयूआई के लिए पुलिस एडमिनिस्ट्रेशन विभाग की सिमरजीत कौर की अगुवाई में अदिति, मालविका, सिमरन और आभा शामिल हैं। पुसू छात्र संगठन के लिए मास कम्यूनिकेशन विभाग की संदीप कौर, फैशन टेक्नोलॉजी की शिखा ने मोर्चा संभाला हुआ है। सोई छात्र संगठन के लिए एमएससी की छात्रा मनप्रीत और अवंतिका हेड कर रही हैं।
कई सालों से पीयू छात्र राजनीति से जुड़ी सिमरनजीत कौर ने कहा कि वह खुद बाहर से आने वाली लड़कियों की दिक्कतों को हल करने के लिए भागदौड़ करती हैं। सोपू की हिना नाथ ने कहा कि वह अपने संगठन के लिए हेल्पडेस्क पर बैठती हैं।
इनसो छात्र नेता निधी भारती ने बताया कि वह दो सालों से हेल्पडेस्क टीम से जुड़ी हैं। पुसू की छात्र नेता संदीप कौर और एनएसओ की स्वाति ने कहा कि दूर दराज से आने वाली लड़कियों को सहज महसूस करने के लिए लड़कियों को हेल्पडेस्क पर लगाया गया है।
पुसू का टोल फ्री हेल्पलाइन और सोई देगा 4 लैपटॉप की सुविधा
पीयू में छात्र संगठन हेल्पडेस्क के बहाने विद्यार्थियों को लुभाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे। पुसू छात्र नेताओं ने बताया कि शुक्रवार से पुसू टोल फ्री नंबर शुरू कर देगा। पुसू ने तो रेडियो पर भी हेल्पलाइन सेवा शुरू कर दी है। उधर सोई छात्र नेता बबल ने बताया कि शुक्रवार से ऑनलाइन आवेदन के लिए हेल्पडेस्क पर चार लैपटॉप इंटरनेट सुविधा के साथ और प्रिंटर लगाया जाएगा।
सभी छात्र नेताओं की जल्द मीटिंग बुलाई जाएगी। कैंपस में हिंसा फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। अगली बार कोई हिंसक वारदात हुई तो उस संगठन का टेंट तुरंत हटा दिया जाएगा।
प्रो.नवदीप गोयल (डीएसडब्ल्यू पीयू)