आईआईटी रुड़की के छात्र संदीप कुमार ने गेट (ग्रेजुएट एप्टीट्यूट टेस्ट इन इंजीनियरिंग) परीक्षा टॉप की है।
गोपालगंज बिहार निवासी संदीप आईआईटी के केमिकल इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट में पांच वर्षीय पाठ्यक्रम इंटीग्रेटेड डुअल डिग्री (एमटेक) के आखिरी साल में पढ़ रहे हैं।
उन्होंने गेट में 100 में से 85.33 अंक प्राप्त किए हैं। जबकि स्कोर 1000 में से 980 है।
आल इंडिया रैंक में पहला स्थान
बिहार राज्य के जिला गोपालगंज के साधु चौक मोहल्ला निवासी संदीप कुमार ने गेट (ग्रेजुएट एप्टीट्यूट टेस्ट इन इंजीनियरिंग) की केमिकल ब्रांच की परीक्षा में आल इंडिया रैंक में पहला स्थान प्राप्त कर आईआईटी रुड़की का नाम रोशन किया है।
आईआईटी खड़गपुर की ओर से कराई गई यह परीक्षा को संदीप कुमार ने विगत 2 फरवरी को रुड़की स्थित रुड़की कालेज आफ इंजीनियरिंग सेंटर पर दी थी। संदीप कुमार ने 2009 में आईआईटी में केमिकल डिपार्टमेंट में एमटेक के पांच वर्षीय पाठ्यक्रम के प्रवेश लिया था।
संदीप शुरू से ही मेधावी रहे हैं। उन्होंने दसवीं की परीक्षा में गोपालगंज जिले में भी तीसरी रैंक हासिल की थी। इसके बाद आईआईटी में प्रवेश लेने के बाद अथक परिश्रम से गेट में आल इंडिया में पहली रैंक पाई है।