दाखिला लिया बीए में, लेकिन एडमिट कार्ड में विषय बीएससी के मिल गए। गढ़वाल विवि की ओर से भेजे गए ऐसे एडमिट कार्ड छात्रों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं।
विवि की वार्षिक परीक्षाएं शुरू हुई तो ऐसी कई गड़बड़ियां सामने आईं। गढ़वाल विवि की बीए, बीएससी और बीकॉम की परीक्षाएं सोमवार से शुरू हो गईं। पहले दिन बीकॉम प्रथम, द्वितीय व तृतीय वर्ष की परीक्षा हुई। परीक्षा से पहले एडमिट कार्ड में हुई गलती को ठीक कराने के लिए छात्रों को लंबी कतार में लगना पड़ा।
कुछ छात्रों ने बताया कि उनके एडमिट कार्ड कालेज से गायब हो गए हैं। इसीलिए उन्हें डुप्लीकेट एडमिट कार्ड लेना पड़ा। सबसे ज्यादा शिकायतें एडमिट कार्ड में गलत विषय से संबंधित थीं। कॉलेज प्राचार्य के पास ऐसी शिकायतों का अंबार लग गया।
प्राचार्य डॉ. देवेंद्र भसीन ने छात्रों को परीक्षा फार्म में भरे गए विषयों के अनुसार ही परीक्षा देने को कहा। उन्होंने कहा कि विवि स्तर से जल्द ही इस समस्या का समाधान कराया जाएगा।
ऑनलाइन ने किया मूड ऑफ
गढ़वाल विवि ने पहली बार सेमेस्टर परीक्षाओं के फार्म ऑनलाइन भरने की प्रक्रिया शुरू की है। यह प्रक्रिया भी छात्रों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। छात्रों के अनुसार वेबसाइट पर फार्म अपलोड ही नहीं हो रहा है।
ईमेल के जरिये शिकायत करने पर कॉलेज से संपर्क करने की सलाह दी जाती है। ऐसी शिकायतें मिलने पर डीएवी प्राचार्य ने छात्रों को ईमेल से विवि को शिकायत भेजने और आनलाइन फार्म का प्रिंट लेकर उसे हाथ से भरकर विभाग में जमा करने को कहा है। प्रदेश के कई शहरों के छात्र इस प्रक्रिया से परेशान हैं।
प्राचार्य, परीक्षा नियंत्रक से उलझा छात्र
सोमवार को परीक्षा के दौरान प्राचार्य डॉ. देवेंद्र भसीन ने एक छात्र को प्रतिबंधित जगह पर घूमते हुए पकड़ लिया। चेकिंग के आदेश पर प्राचार्य और परीक्षा नियंत्रक डॉ. जोशी से उलझ पड़ा।
छात्र का कहना था कि उसने गत वर्ष कॉलेज से चुनाव लड़ा था और केवल लॉ विभाग में गया था। प्राचार्य ने सख्ती दिखाते हुए लॉ विभागाध्यक्ष को भी मौके पर बुलाया। बाद में मामला शांत हो गया।