उत्तराखंउ की गढ़वाल विवि को केंद्रीय विवि का दर्जा मिलने के बाद अब पहली बार मार्कशीट और डिग्री पर केंद्रीय विवि का टैग लगाने का चक्कर छात्रों के भविष्य पर भारी साबित हो रहा है।
आलम यह है कि छात्र रिजल्ट जारी होने के कई महीने बाद भी न तो आगे दाखिला ले पा रहे हैं और न ही एलएलबी के छात्र अपना पंजीकरण करा पा रहे हैं। विवि का कहना है कि जल्द ही नई मार्कशीट आ जाएगी।
गढ़वाल विवि की मार्कशीट और डिग्री पर अब तक स्टेट यूनिवर्सिटी प्रिंट हो रहा था। इस साल अकादमिक परिषद की बैठक में तय किया गया कि मार्कशीट और डिग्री पर केंद्रीय विवि का टैग प्रिंट होगा। इस फैसले को अमल में लाने में हो रही देरी छात्रों के लिए मुसीबत बन गई।
एग्रीकल्चर के बाद अब एलएलबी के छात्र भी परेशान हैं। अप्रैल में रिजल्ट आने के बाद एलएलबी के छात्र न तो एलएलएम में दाखिला ले पा रहे हैं और न ही वकालत के लिए पंजीकरण करा पा रहे हैं।
केंद्रीय विवि के नाम पर मार्कशीट न मिलने की वजह से छात्रों को प्रोविजनल डिग्री भी नहीं मिल पा रही है। हालांकि विवि के अधिकारी डॉ. डीएस नेगी पहले ही कह चुके हैं कि मार्कशीट प्रिंटिंग फेज में है। जल्द ही छात्रों को उपलब्ध करा दी जाएगी।