उत्तराखंड के स्कूली बच्चों की आंखों की अब मुफ्त जांच होगी। उत्तराखंड स्टेट ऑप्थालमोलोजिकल सोसाइटी (यूकेएसओएस) की ओर से उत्तराखंड स्कूल चिल्ड्रन आई स्क्रीनिंग प्रोग्राम की शुरुआत होने जा रही है।
इस प्रोग्राम के तहत प्रदेश के हर जिले के आंखों के चिकित्सक अपने आसपास के स्कूलों में यह जांच करेंगे। यूकेएसओएस के प्रोग्राम चेयरमैन डा. बीके औली के मुताबिक हर जिले में स्कूलवार यह कैंप लगाए जाएंगे। संबंधित जिले के आई सर्जन अपने आसपास के स्कूलों के प्रबंधन से बात कर यह अभियान चलाएंगे।
इसके तहत बच्चों की आंखों की जांच करने के बाद स्कूल प्रबंधन को इसकी रिपोर्ट सौंपी जाएगी। इस रिपोर्ट की एक कॉपी यूकेएसओएस के पास भी भेजनी होगी। इस महा अभियान में संबंधित जिलों के मुख्य शिक्षा अधिकारी, सीएमओ को भी शामिल किया जाएगा। अभियान का मकसद बच्चे की आंखों से संबंधित बीमारियों, विटामिन की कमी आदि की जानकारी देना है।