पहले रिजल्ट और अब एग्जाम लेट। कॉलेजों में लागू रूसा सिस्टम का यह हाल है। रूसा छात्रों को रुला रहा है। पहले सेमेस्टर का परिणाम अभी नहीं आया है। उधर, दूसरे सत्र की परीक्षाएं जून में करवाए जाने पर संकट खड़ा हो गया है।
तय शेड्यूल के मुताबिक जून में दूसरे सेमेस्टर की परीक्षाएं करवाई जानी हैं। मौजूदा स्थिति देखकर ऐसा नहीं लग रहा है कि जून में परीक्षाएं हो सकेंगी। एचपीयू की ओर से अभी तक प्रैक्टिकल और परीक्षाओं की तिथि घोषित नहीं हुई है और न ही ऑनलाइन फार्म भरने की तिथि तय की गई है।
तीन दिन बाद 11 मई से 9 जून तक कॉलेजों में एक माह का अवकाश रहेगा। दूसरे सत्र की परीक्षा के लिए एचपीयू के सुस्त रवैये से कॉलेजों के हजारों छात्रों का परेशान होना तय है। अव्यवस्था का यह आलम पहले सत्र की परीक्षा से लेकर परिणाम घोषित करने में भी रहा है।
तो फेल हो गया है रूसा
रूसा लागू करने में सरकार और विवि का यह प्रयोग अब तक असफल ही रहा है। छात्र दूसरे सत्र के लिए परीक्षा को फार्म भरने, प्रैक्टिकल तथा परीक्षा की तिथि को लेकर पूछताछ कर रहे हैं।
कॉलेज प्रशासन तथा शिक्षकों के पास इसका कोई जवाब नहीं। कालेज प्रशासन विवि से कोई निर्देश न आने के कारण असहाय नजर आ रहे है। वहीं, कॉलेजों से परीक्षा तिथि और ऑनलाइन फार्म भरने जैसी पूछताछ करने के लिए फोन आ रहे हैं। मगर परीक्षा शाखा और विवि से कोई जवाब देने वाला नहीं है।
अधिकारी टालमटोल कर रहे हैं। परीक्षा नियंत्रक तो प्राचार्यों को मिल ही नहीं पा रहे हैं। विवि से सिर्फ यही कहा जा रहा है कि साइट देखते रहें, शेड्यूल जारी कर दिया जाएगा। संजौली कॉलेज प्राचार्य डा. जेएस नेगी, राजीव गांधी महाविद्यालय प्रॉचार्य डा. उमा रणदेव और आरकेएमवी प्रॉचार्य प्रो. मीरा वालिया का कहना है कि विवि से परीक्षा संबंधित जानकारी नहीं मिल पा रही है।