नए जमाने की इको फ्रेंडली ट्राई साइकिल के बेहतरीन मॉडल को तैयार करने वाले भावी इंजीनियर का टैलेंट परखने के लिए वीरवार से पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) में एफिसाइकिल-2014 फेस्ट शुरू हुआ। देश भर के आईआईटी और इंजीनियरिंग कालेजों की 87 टीमें ट्राई साइकिल के आधुनिक डिजाइन के साथ 9 से 12 अक्तूबर तक सोसाइटी ऑफ ऑटोमोटिव इंजीनियर्स नार्दन इंडिया सेक्शन (एसएई इंडिया) द्वारा आयोजित एफिसाइकिल फेस्ट में हिस्सा लेंगी।
सेक्टर-25 पीयू साउथ कैंपस स्थित यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (यूआईईटी) में वीरवार से शुरू हुए एफिसाइकिल-2014 में पहले दिन दोपहर तक सभी टीमों का रजिस्ट्रेशन हुआ और दोपहर बाद टेक्निकल इंस्पेक्शन का दौर चला। वाहनों को तकनीक की कसौटी पर जांचने के बाद ही एक्सपर्ट ने अगले राउंड के लिए हरी झंडी दी गई। आईकैट और मारुति के सहयोग से एफिसाइकिल फेस्ट आयोजित किया जा रहा है। सबसे बेहतर ट्राई साइकिल बनाने वाली टीम को 1 लाख के नगद पुरस्कार से नवाजा जाएगा।
ब्रेक लगाने पर भी चार्ज होगी बैटरी
ट्राई साइकिल की ब्रेक लगाने पर खर्च होने वाली एनर्जी अब बेकार नहीं जाएगी। एनर्जी को बैटरी में स्टोर कर उसका प्रयोग किया जा सकेगा। कुछ ऐसी ही कई नई इनोवेशन टेक्नीक ट्राई-साइकिल प्रतियोगिता में देखने को मिली। एफिसाइकिल-2014 में इंदौर स्थित चमेली देवी इंजीनियरिंग कालेज की टीम ने ब्रेक लगने पर बैटरी चार्ज होने का मॉडल तैयार किया है। टीम मेंबर्स के अनुसार शुरुआती चरण में 5 से 10 फीसदी एनर्जी को स्टोर किया जा सकेगा।
टीम लीडर अभिषेक ने बताया कि 53 हजार की लागत और डेढ़ महीने की मेहनत से ट्राई साइकिल को तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि उन्होंने व्हीकल में रजिस्ट्रेटिव ब्रेकिंग सिस्टम लगाया है। यह खास ट्राई साइकिल पैडल और बैटरी दोनों से चलेगी। तीन पहिया वाहन तभी चलेगा जब सीट बेल्ट लगाई जाएगी। सीट बेल्ट नहीं लगाने पर बैटरी ऑन नहीं होगी।
हादसा होते ही मोबाइल पर मिलेगा एसएमएस अलर्ट
एफिसाइकिल-2014 फेस्ट में गाजियाबाद स्थित एबीईएस इंजीनियरिंग कालेज ने ऐसी ट्राई-साइकिल तैयार की है, जिससे किसी भी हादसे के तुरंत बाद मोबाइल पर अलर्ट मैसेज मिल जाएगा। टीम लीडर ऐश्वर्य सिंह ने बताया कि उनके वाहन में ऐसा सेंसर लगा है जिसमें अंधेरा शुरू होते ही डे नाइट क्रिकेट मैच की तरह लाइट्स खुद-ब-खुद ऑन होनी शुरू हो जाएंगी। वाहन को तैयार करने पर करीब 47 हजार खर्च हुआ है।
ट्राई सिटी के युवा पहुंचे यूआईईटी
पीयू स्थित यूआईईटी ग्राउंड में देश भर से इंजीनियरिंग कालेजों के युवाओं ने नए जमाने की कई शानदार ट्राई साइकिल तैयार की हैं। कई साइकिल मिनी गाड़ी की तरह डिजाइन की गई हैं। फैबरिक छत से लेकर स्टाइलिश हैंडल और ब्रेक भी इन ट्राई साइकिल में लगाए गए हैं।
एनएसआईटी दिल्ली यूनिवर्सिटी की टीम के सदस्य अभिमन्यु ने बताया कि उनके वाहन में ऐसे पैडल लगाए गए हैं जिन्हें व्यक्ति के पैरों की लंबाई के हिसाब से एडजेस्ट किया जा सकता है। वाहन को तैयार करने पर 71 हजार लागत आई है। ट्राइसिटी के लोग सुबह 10 से शाम 4 बजे तक इको फ्रेंडली ट्राई साइकिल देख सकते हैं। रविवार को एफिसाइकिल प्रतियोगिता के फाइनल राउंड में वाहनों की रेस भी होगी।
दो टीमों में सिर्फ लड़कियां शामिल
यूआईईटी में शुरू हुए एफिसाइकिल-14 में दो टीमें खास आकर्षण का केंद्र हैं। ट्राई साइकिल तैयार करने वाली दोनों ही टीमों की सभी सदस्य लड़कियां हैं। आईजीडीटीयूडब्ल्यू दिल्ली की टीम में 9 लड़कियां शामिल हैं। टीम लीडर गारगी ने बताया कि पिछले साल भी उनकी टीम ने हिस्सा लिया था। प्रतियोगिता में टीम को कोस्ट कटिंग कैटेगरी में अवार्ड भी मिल चुका है। इस साल टीम ने 38 हजार की लागत से खास ट्राई साइकिल तैयार की है।
टीम की अन्य सदस्यों में तनू मनचंदा, महिमा शर्मा, उपासना गुप्ता, नेहा सिंह, तनमना, आलिश बनीवाला, सौम्या और जनत मनचंदा शामिल हैं। उधर लड़कियों की टीम में इंदौर (मध्यप्रदेश) स्थित एसजीएसआईटीएस की टीम में 11 लड़कियां हैं। टीम ने टेडमोल डिजाइन की ट्राई साइकिल तैयार की है। अदिति बारचे ने बताया कि मॉडल तैयार करने में 53 हजार का खर्च आया है। इस टीम में प्राची, प्रेरणा, दीक्षा, राजश्री भी शामिल हैं।