प्रबंधन संस्थानों में दाखिले के लिए रविवार को हुए कॉमन एडमिशन टेस्ट (कैट) के सवालों में दस साल पुराना दौर नजर आए। ऑनलाइन परीक्षा देने आए छात्रों को आसान सवालों ने खुश कर दिया। बचे हुए अभ्यर्थियों के लिए 22 नवंबर को परीक्षा होगी।
कैट में इस बार 100 सवाल पूछे गए, जबकि पिछले साल 60 सवाल आए थे। प्रथम द्वितीय सेक्शन में 50-50 सवाल शामिल थे। विशेषज्ञों के मुताबिक इस बार पेपर का पैटर्न वर्ष 2003 व 2004 की तरह नजर आया। एक सवाल सही करने पर तीन अंक और गलत करने पर एक अंक की नेगेटिव मार्किंग रही।
आईआईएम की ओर से पहले ही अपनी वेबसाइट पर दिए गए डमी वीडियो की वजह से अभ्यर्थियों को पेपर देने में आसानी हुई। गत वर्ष 60 सवालों को हल करने में 140 मिनट मिले थे और इस वर्ष 100 सवालों के लिए 170 मिनट मिले। यह परीक्षा दून में जेबीआईटी, डीबीआईटी, माया इंस्टीट्यूट और यूआईटी में दो पालियों में आयोजित हुई।