ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिडनी के ऑलफोंस अरीना में कहा कि यहां मुझे जो मान-सम्मान, प्यार और स्वागत मिला है, उसे मैं भारत के सवा सौ करोड़ भारतीयों को समर्पित करता हूं।
करीब 20 हजार लोगों के भीड़ से खचाखच भरे हॉल में मोदी ने कहा, 'मैं भारत का ऐसा पहला प्रधानमंत्री हूं जो आजाद भारत में पैदा हुआ हूं। हम गुलाम भारत में पैदा नहीं हुए, हम देश के लिए मर नहीं सके, लेकिन देश के लिए जी तो सकते हैं, देश को आगे ले जाने के लिए संघर्ष तो कर सकते हैं।'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हम अक्सर सुनते हैं कि हमारे धर्म में देवी-देवताओं के हजारों हाथ हैं, इसका मतलब यह होता है कि उनके पास काम करने वाले करीब 500 लोगों का एक समूह होता था, जिनके 1 हजार हाथ उनके साथ ही गिने जाते थे।
मोदी ने कहा कि ठीक इसी तरह भारत माता के पास 250 करोड़ हाथ हैं, जिनमें 200 करोड़ हाथ 35 साल से कम उम्र की लोगों के हैं। यही वो युवा हैं जिनमें भारत के सपनों को पूरा करने की हिम्मत है।