दिल्ली विवि छात्र संघ चुनावों में वोटिंग संपन्न होने के साथ ही उम्मीदवारों का भविष्य ईवीएम में बंद हो गया। छात्रों की भागीदारी कहें या प्रशासन का वोट करने की अपील का असर डूसू चुनाव में देखने को मिला है।
इसका नतीजा ये रहा है कि इस बार वोट प्रतिशत बड़ढकर 43.43 हो गया है। जबकि बीते साल वोट प्रतिशत 43.25 था। इस तरह से बीते साल के मुकाबले वोट प्रतिशत में मामूली बढ़त देखने को मिली है।
मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो डी.एस रावत ने बताया कि कहीं से भी किसी प्रकार की दिक्कत या गड़बड़ी की कोई शिकायत नहीं मिली है। कैंपस कॉलेजों में सबसे अधिक वोटिंग किरोड़ीमल कॉलेज में 44.7 फीसदी रही।
उन्होंने बताया कि सुबह की पाली के कॉलेजों में कुल 42.3 फीसदी वोटिंग हुई है। जबकि सांध्यकालीन कॉलेजों में देर शाम सात बजे तक वोटिंग संपन्न हुई। जिसके बाद सुबह और शाम के कॉलेजों की वोटिंग प्रतिशत 43.43 प्रतिशत रहा। मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि किसी भी सेंटर से ईवीएम खराब होने की सूचना नहीं मिली।
देर शाम मतदान के बाद सभी मशीनों को सील कर दिया गया है। मतगणना पुलिस लाइन में शनिवार सुबह आठ बजे शुरू की जाएगी। चुनाव के नतीजे तीन से चार घंटे में घोषित कर दिए जाएंगे।
बताया जा रहा है कि डूसू के चुनावों में कैंपस कॉलेजों में 30-35 फीसदी और ऑफ कैंपस कॉलेजों में 35-44 फीसदी के बीच वोटिंग हुई। चुनाव पूरी तरह से शांतिपूर्ण रहा। अब शनिवार सुबह प्रत्याशियों की किस्मत का ताला खुलेगा। डीयू के कड़े सुरक्षा बंदोबस्त के बीच शुक्रवार को डूसू चुनाव केलिए मतदान संपन्न हुआ।
इसी के साथ एक माह से चला आ रहा डूसू संग्राम के जरिए उम्मीदवारों का भविष्य ईवीएम में बंद हो गया। डूसू चुनाव के लिए कुल 50 कॉलेजों और विभागों में मतदान केंद्र बनाए गए थे। सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। चुनावों के लिए कुल 750 मशीनों का इस्तेमाल किया गया। वोटिंग प्रतिशत आने के बाद छात्र संगठन अपनी-अपनी जीत का आकलन करते रहे।