इस बार जिस दिन पहली कट ऑफ जारी हो रही है उसी दिन से दाखिले शुरू हो जाएंगे। छात्र दाखिले के साथ फीस 25 से 27 जून तक जमा करा सकेंगे।
दाखिले के समय इधर-उधर भटकना न पड़े, इसके लिए मंगलवार-बुधवार तक अपने दस्तावेज व्यवस्थित करने होंगे। हड़बड़ाहट में ऐसा न हो कि दस्तावेज को भूल जाएं।
बृहस्तपतिवार से पहली कट ऑफ लिस्ट के दाखिलों के लिए सभी मॉर्निंग कॉलेजों में सुबह 9 बजे से फीस जमा करने का काम शुरू होगा और दोपहर एक बजे तक दाखिले किए जाएंगे।
वहीं इवनिंग कॉलेजों में यह प्रक्रिया शाम 4 से 7 बजे तक चलेगी। छात्रों को ध्यान रखना होगा कि वे दाखिले के लिए अपने सभी आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर जाएं। प्रशासन की सलाह है कि जो दस्तावेज नहीं हैं, उन्हें दो दिन के भीतर हर हाल में जुटा लें और कॉलेज समय पर पहुंचे।
फर्जी दस्तावेज के आधार पर दाखिला कराने की न सोचें
दाखिला प्रक्रिया के दौरान फर्जी दस्तावेज के आधार पर दाखिला लेने की सोच रहे हैं तो यह भूल न करें। अपने असली और मूल प्रमाण पत्रों की कॉपी ही जमा करें।
अगर किसी छात्र के प्रमाण पत्र या अन्य दस्तावेज फर्जी पाए गए तो डीयू प्रशासन छात्र के खिलाफ आईपीसी की धाराओं के तहत न केवल आपराधिक मामला दर्ज कराएगा, बल्कि छात्र को किसी कॉलेज में दाखिला भी नहीं मिलेगा। कॉलेज कई स्तरों पर दस्तावेजों की जांच करेंगे।