हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय में थ्योरी में प्रथम श्रेणी के अंक लाने वाले छात्रों के प्रैक्टिकल में फेल होने का मामला सामने आया है।
भूगर्भ विज्ञान विषय की थ्योरी में 60 से 75 प्रतिशत अंक पाने वाले छात्र प्रयोगात्मक परीक्षा में फेल कर दिए गए। परीक्षा परिणाम से नाराज छात्र नेताओं ने कुलसचिव से मिलकर जांच की मांग की है।
विवि के भूगर्भ विज्ञान विभाग में बीएससी तृतीय वर्ष के 68 में से 27 छात्र फेल हुए हैं। यह सभी छात्र प्रयोगात्मक परीक्षा में फेल हुए हैं जबकि इन छात्रों ने थ्योरी में 60 फीसदी से ज्यादा अंक प्राप्त किए हैं।
जानबूझकर फेल होने का आरोप
रिजल्ट से नाराज छात्र नेताओं ने मामले को लेकर कुलसचिव से मुलाकात की। छात्र नेता अंकित कप्रवाण और सुधीर जोशी ने आरोप लगाया कि जानबूझ कर छात्रों को फेल किया गया।
उन्होंने कुलसचिव प्रो. पीएस राणा से जांच की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में पुष्पेंद्र पंवार, राहुल बिष्ट, सूरज, सूर्यांशू, विजय, अश्विनी उनियाल, अनूप, सुमित राज, अमित आदि शामिल थे।
अधिकारियों का है कहना
इस मामले को कुलपति के समक्ष रखा जाएगा। सीधे तौर पर कोई टिप्पणी नहीं कर सकता, लेकिन इतनी संख्या में प्रयोगात्मक परीक्षा में छात्रों के फेल हो जाने पर मुझे भी आश्चर्य है। इसलिए इस मामले में कोई उचित समाधान निकाला जाना बेहद जरूरी है।
-प्रो. पीएस राणा, कुलसचिव गढ़वाल विवि।