प्रदेश विश्वविद्यालय ने बीते रोज यूजी कक्षाओं के रूसा प्रथम सत्र के परिणाम को घोषित कर दिया है लेकिन प्रदेश भर के छात्रों को दी गई साइट पर अपना परिणाम ही नहीं मिल रहा है। विवि को इसको लेकर शिकायतें आना भी शुरू हो गई हैं। हालांकि जिनके परिणाम निकले हैं, उनके सीओई को संदेश भी आ रहे है।
इसमें वे विवि को परिणाम नौ माह के बाद निकाले जाने पर बधाई दे रहे हैं। इसके साथ ही शिकायतें भी आना शुरू हो गई हैं। जिनके परिणाम साइट पर नहीं है, उनको अब अपने संबंधित कॉलेज प्राचार्य को लिखित में आवेदन कर परिणाम घोषित करना होगा।
वहीं प्राइवेट छात्र के रूप में बैठे छात्रों को इक्डोल निदेशक को आवेदन करना होगा। इसको लेकर विश्वविद्यालय ने कॉलेज प्राचार्य और इक्डोल निदेशक को सूचित भी कर दिया है। विवि के परीक्षा नियंत्रक प्रो. एसएल कौशल ने कहा कि जिनके परिणाम साइट पर उपलब्ध नहीं है, वे कॉलेज प्राचार्य और निदेशक के माध्यम से आवेदन करें।
संजौली कॉलेज के बाहर साझा प्रदर्शन
एसएफआई और एबीवीपी के साझा मोर्चा के आवाहन पर फीस बढ़ोतरी और लाठीचार्ज के विरोध में दोनों संगठनों के कार्यकर्ताओं ने संजौली कॉलेज में धरना-प्रदर्शन किया। इकाई अध्यक्ष अक्षित चौहान और एबीवीपी इकाई सचिव विक्रम की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने गेट के बाहर 12 बजे तक प्रदर्शन किया।