अगर आप डिजाइनिंग में भविष्य बनाना चाहते हैं तो उत्तराखंड में दून विवि की ओर से यह कोर्स नए सत्र से शुरू होने जा रहा है।
बैचलर आफ डिजाइनिंग नाम के इस कोर्स की अवधि तीन वर्ष की होगी, जिसमें प्रवेश परीक्षा से ही दाखिले किए जाएंगे। बी डिजाइन के नाम से यह कोर्स शुरू करने वाला दून विवि प्रदेश मे पहला और देश में चौथा विवि होगा। कोर्स के तहत फैशन से लेकर इंटीरियर डिजाइनिंग तक शामिल होगा।
कोर्स की फीस 17 हजार रुपये प्रति सेमेस्टर तय की गई है। दून विवि में विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया मई में शुरू होने जा रही है। प्रवेश परीक्षा जून में प्रस्तावित है। इस बार विवि ने स्कूल ऑफ डिजाइन की शुरुआत की है।
इसके तहत डिजानिंग में नया कोर्स बी डिजाइन शुरू होने जा रहा है। इस कोर्स में शुरुआत में 30 सीटों पर दाखिला दिया जाएगा। विवि के उपकुलसचिव डा. मंगल सिंह मंद्रवाल ने बताया कि कोर्स का मकसद डिजाइनिंग में युवाओं को एक मंच उपलब्ध कराना है।
इसके लिए विशेषज्ञ भी बुलाए जाएंगे। कोर्स का प्रारूप तैयार किया जा चुका है। तीन वर्षीय इस डिग्री कोर्स में 12वीं के किसी भी स्ट्रीम के आधार पर दाखिले दिए जाएंगे। विवि में अब कुल सात स्कूल (डिजाइन, मैनेजमेंट, सोशल साइंसेज, एनवायरमेंटल साइंस, लैंग्वेजेज, कम्यूनिकेशन, टेक्नोलॉजी) हो गए हैं।
इन कोर्स में भी ले सकते हैं दाखिला
बीबीए, बीसीए, एमबीए दो वर्षीय व एमबीए पांच वर्षीय इंटिग्रेटेड, एमसीए, एमएससी एनवायरमेंट साइंस, एमएससी नेचर एंड रिसॉर्स मैनेजमेंट, एमटेक एनवायरमेंटल टेक्नोलॉजी, एमए दो वर्षीय कम्यूनिकेशन, एमए पांच वर्षीय इंटिग्रेटेड कम्यूनिकेशन, एमए लैंग्वेज(चाइनीज, स्पैनिश, जर्मन, जापानी, फ्रेंच, इंगलिश), एमएससी पांच वर्षीय इंटिग्रेटेड इकोनोमिक्स, एमए इकोनोमिक्स।
कोरियन व हिंदी में भी हो सकती है शुरुआत
विवि की ओर से अभी तक छह भाषाओं में एमए कराया जा रहा है। विवि की ओर से कोरियन और हिंदी भाषा में भी नए सत्र से ही कोर्स शुरू करने की तैयारी है। हालांकि इस पर अभी तक अंतिम मुहर नहीं लगी है।