दिल्ली विश्वविद्यालय में जून से शुरू होने वाली दाखिला प्रक्रिया थोड़ी अलग है। एडमिशन के लिए सिस्टम में काफी बदलाव हुए हैं। दाखिले की इन्हीं एबीसीडी को जानने के लिए ओपन डेज सेशन के दूसरे दिन भी छात्रों और अभिभावकों की भीड़ उमड़ी। पहले दिन की भांति ही 1500 से ज्यादा छात्र पहुंचे। भीड़ और छात्रों की सुविधा के मद्देनजर एक साथ दो सभागारों में सेशन हुए।
दूसरे दिन लगातार पूछे जाने वाले सवालों के जवाब को लिखित रूप में छात्रों को उपलब्ध कराया गया। पंफलेट में 28 ऐसे प्रश्नों के जवाब दिए गए जो छात्रों की दाखिला प्रक्रिया के दौरान काफी मदद करेंगे।
डीयू के मीडिया कोऑर्डिनेटर और ज्वाइंट डीन छात्र कल्याण डॉक्टर मलय नीरव ने बताया कि बृहस्पतिवार दो समांतर सत्र चलाए गए। जिससे छात्रों और अभिभावकों को इंतजार नहीं करना पड़ा। छात्रों की चिंता वोकेशनल कोर्स को लेकर रही, जिसे सुलझाया गया।
छात्रों के पूछे गए सवाल
प्रश्न: क्या तीन साल की बैचलर डिग्री स्नातक के समकक्ष है? क्या मैं बैचलर डिग्री के बाद एमबीए कर सकता हूं?
उत्तर: हां, आप तीन साल की बैचलर डिग्री करने के बाद एमबीए कर सकते हैं।
प्रश्न: क्या बारहवीं में कंपार्टमेंट आने के बाद भी ओएमआर फॉर्म भर सकती हूं?
उत्तर: अगर कंपार्टमेंट आता है तो भी आप ओएमआर फॉर्म भर सकते हैं। एडमिशन तभी मिलेगा जब आप कोर्स के लिए जरूरी न्यूनतम योग्यता के पैमाने को पूरा करेंगे।
प्रश्न: ओएमआर फॉर्म के साथ कौन से दस्तावेज लगाने होंगे?
उत्तर: ओएमआर फॉर्म के साथ किसी प्रकार के दस्तावेज नहीं लगाने हैं।
प्रश्न: मेरा रिजल्ट अभी आना है, क्या ओएमआर फॉर्म भर सकता हूं?
उत्तर: आप ओएमआर फॉर्म भर सकते हैं लेकिन फॉर्म में रिजल्ट अवेटिड पर गोला लगाना होगा।
प्रश्न: ओएमआर फॉर्म डाक से भेजा जा सकता है?
उत्तर: नहीं, डाक से फॉर्म भेजवाने पर वह रद्द हो जाएगा। आप ऑनलाइन फॉर्म की सुविधा ले सकते हैं।
प्रश्न: साइंस के छात्र बैचलर विद ऑनर्स इन आर्ट्स-ह्यूमेनिटीज में आवेदन कर सकते हैं?
उत्तर: हां, साइंस के छात्र भी इनमें आवेदन कर सकते हैं। विषय के लिए जरूरी योग्यता को पूरा करना होगा।
प्रश्न: यदि 12वीं में गणित की पढ़ाई नहीं की हो तो ईको ऑनर्स में दाखिला लिया जा सकता है?
उत्तर: नहीं, आप गणित के बिना ईको ऑनर्स में प्रवेश नहीं ले सकते हैं।
प्रश्न: यदि बारहवीं की पढ़ाई नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ ओपन स्कूलिंग (एनआईओएस) से की हो तो रेगुलर कॉलेज में दाखिला मिल सकेगा?
उत्तर: हां, आप रेगुलर कॉलेज में एडमिशन ले सकते हैं। बस कट ऑफ के मुताबिक नंबर होने चाहिए।
इन बातों का रखें ध्यान, दाखिले की राह होगी आसान
1. स्पोर्ट्स के दाखिले में 25 फीसदी ट्रायल व 75 फीसदी प्रमाण पत्रों की वेटेज होगी।
2. कॉलेजों की ओर से लगाए जाने वाला एडिशनल क्राइटेरिया को समाप्त कर दिया गया है। अब उसकी जगह कॉमन क्राइटेरिया है। इस तरह से सभी कॉलेजों में एक समान नियम होंगे।
3. वोकेशनल कोर्स पढ़ चुके छात्रों को मिल सकेगा लाभ। उदाहरण स्वरूप यदि कोई छात्र बीकॉम ऑनर्स कोर्स में दो वोकेशनल विषयों के अंकों को लेना चाहता है तो वह ऐसा कर सकेगा। वह चाहे तो बीकॉम ऑनर्स के लिए एकाउंट्स और अंग्रेजी के साथ दो वोकेशनल कोर्स को ले सकेगा, लेकिन इससे हर वोकेशनल कोर्स में 10-10 फीसदी अंक कम हो जाएंगे।
4. अब स्ट्रीम आसानी से बदल सकेंगे। मसलन कोई विषय नहीं पढ़ा तो भी उस विषय में दाखिला हो जाएगा लेकिन दो फीसदी अंकों की कटौती होगी।
40 कोर्स में ओएमआर के जरिए एडमिशन
आर्ट्स-ह्यूमेनिटीज और कॉमर्स: अरेबिक, बंगाली, कॉमर्स, इकोनॉमिक्स, अंग्रेजी, भूगोल, हिंदी, इतिहास, संस्कृत, इटेलियन, हिंदी पत्रकारिता, सोशोलॉजी, पर्शियन, राजनीति शास्त्र, फिलॉस्फी, उर्दू, पंजाबी, स्पेनिश, सोशल वर्क, फ्रेंच और जर्मन।
साइंस-एप्लॉयड साइंस-मैथमेेटिकल साइंस: एंथ्रोपालॉजी, बायोकेमिस्ट्री, बॉटनी, केमिस्ट्री, जियोलॉजी, बायोमेडिकल साइंस, होम साइंस, मैथमेटिक्स, माइक्रो बायोलॉजी, फिजिक्स, सांख्यिकी, जूलॉजी।
बीटेक कोर्स: कंप्यूटर साइंस, इलेक्ट्रॉनिक्स, फूड टेक्नोलॉजी, इन्स्ट्रमेन्टेशन, पॉलिमर साइंस, साइकोलॉजिकल साइंस।
इनमें प्रवेश परीक्षा के आधार पर दाखिला
बैचलर विद ऑनर्स इन म्यूजिक
यहां करें संपर्क: फैकल्टी ऑफ म्यूजिक एंड फाइन आर्ट्स, दौलत राम कॉलेज, हिंदू कॉलेज, इंद्रप्रस्थ कॉलेज फॉर वूमेन, मिरांडा हाउस, रामजस कॉलेज
बैचलर विद ऑनर्स इन मैनेजमेंट स्टडीज
यहां करें संपर्क: सुखदेव कॉलेज ऑफ बिजनेस स्टडी, बीआर अंबेडकर कॉलेज, कॉलेज ऑफ वोकेशनल स्टडी, दीन दयाल उपाध्याय कॉलेज, केशव महाविद्यालय, महाराजा अग्रसेन कॉलेज।
बी.ई.एलएड
यहां करें संपर्क: अदिति महाविद्यालय, जीसस एंड मेरी कॉलेज, लेडी श्रीराम कॉलेज फॉर वूमेन, इंस्टीट्यूट ऑफ होम इकोनॉमिक्स, श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज, मिरांडा हाउस, माता सुंदरी कॉलेज।
बैचलर विद ऑनर्स इन फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स साइंस
यहां करें संपर्क: इंदिरा गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल साइंस एंड स्पोर्ट्स साइंस। www.igipess.du.ac.in
बैचलर ऑफ फाइन आर्ट्स
यहां करें संपर्क: कॉलेज ऑफ फाइन आर्ट्स। www.colart.delhigovt.nic.in
बीटेक की प्रवेश परीक्षा 27 जुलाई को
बीटेक, बीएस इन इनोवेशन विद मैथमेटिक्स एंड आईटी व बीटेक (ह्यूमेनिटीज)
डीयू के क्लस्टर इनोवेशन सेंटर की वेबसाइट से प्रवेश परीक्षा फॉर्म 24 जून से डाउनलोड कर सकते हैं। फॉर्म कलस्टर इनोवेशन सेंटर पर 24 जुलाई तक जमा कराए जा सकते हैं। प्रवेश परीक्षा 27 जुलाई को होगी।