देहरादून के डीएवी पीजी कॉलेज में मंगलवार को छात्र प्रिंसिपल ऑफिस में धरने पर बैठ गए। कॉलेज में जर्जर हालत में पड़ी जूलॉजी लैब को लेकर छात्र धरने पर बैठे हैं।
लैब में जाने से डरते हैं छात्र
डीएवी पीजी कॉलेज के छात्र लैब में जाने से डरते हैं। इतना ही नहीं यह भवन इतना जर्जर है कि जूलॉजी एचओडी ने लैब में प्रैक्टिकल कराने से भी मना कर दिया है।
डीएवी कॉलेज में छात्रों की भारी भीड़ के बीच जर्जर भवन परेशानी का बना हुआ है। बीते दिनों लैब की छत से एक सरिया एक कर्मचारी के ऊपर गिर गया था। इसके बावजूद अभी तक इसका पुनर्निर्माण नहीं किया जा सका है।
कोई हादसा भी हो सकता है
ऐसे में जूलॉजी एचओडी डा. आरके जौहरी ने बीएससी प्रथम, द्वितीय और तृतीय वर्ष के प्रैक्टिकल कराने से साफ इंकार कर दिया है। उन्होंने कहा कि लैब की हालत जैसी है, उसमें कभी भी कोई हादसा भी हो सकता है।
मनाही होने के बाद बीएससी के छात्र प्रैक्टिकल के लिए भटक रहे हैं। कालेज प्राचार्य डा. देवेंद्र भसीन का कहना है कि लोक निर्माण विभाग द्वारा कालेज की सभी इमारतों का सर्वेक्षण किया जा चुका है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएंगे।
फेसबुक पर राय देने के लिए क्लिक करें...