पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) कंट्रोलर ऑफ एग्जामिनेशन ब्रांच की ओर से 2014 सत्र में अंडर ग्रेजुएट (यूजी) कोर्स में दाखिले के लिए होने वाली कॉमन एडमिशन टेस्ट (यूजी-सीईटी) की तारीख में बदलाव करने का फैसला लिया गया है।
बुधवार देर शाम पीयू के आला अधिकारियों की बैठक में यह फैसला लिया गया है। सीईटी-यूजी अब 24 मई (शनिवार) को होगी।
पहले यह परीक्षा 25 मई को होनी थी। सीओई प्रो. परविंदर सिंह ने बताया कि 25 मई को ऑल इंडिया ज्वाइंट एंट्रेंस एग्जाम (जेईई) की मेन परीक्षा होने के कारण इसमें बदलाव किया गया है।
सीईटी-यूजी के तहत पीयू के करीब 10 अंडर ग्रेजुएट प्रोफेशनल और अन्य कोर्स में दाखिले के लिए देश भर के विभिन्न राज्यों से 13 हजार से अधिक विद्यार्थी परीक्षा देंगे।
उधर, पीयू के पोस्ट ग्रेजुएट कोर्स (पीजी) में दाखिले के लिए पीजी सीईटी-14 का आयोजन 13 से 16 जून तक होगा। पीयू प्रशासन ने पहली बार सभी सीईटी के लिए इस बार ऑनलाइन आवेदन की सुविधा देने का फैसला लिया है।
साथ ही देश के किसी भी कोने से विद्यार्थी डेबिट या क्रेडिट कार्ड से कंपीटेटिव एग्जाम की फीस भर सकेंगे। आवेदन करने से लेकर रोल नंबर और रिजल्ट सभी कुछ विद्यार्थियों को ऑनलाइन ही उपलब्ध हो सकेगा।