सीपीएमटी के पहले चरण की काउंसलिंग 22 से 25 जून तक होगी। इस बार काउंसलिंग लखनऊ,कानपुर, इलाहाबाद व मेरठ में एक साथ कराई जाएगी। आवंटित सीटों पर छात्रों को 30 जून तक दाखिला लेना होगा।
एमबीबीएस की 1372 व बीडीएस की 51 सीटों के लिए काउंसलिंग होनी है। सरकारी संस्थानों में बीडीएस की पढ़ाई सिर्फ किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी में होती है।
काउंसलिंग का दूसरा चरण जुलाई में आयोजित किया जाएगा। इसके बाद तीसरी काउंसलिंग सितंबर में होगी। महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा डॉ.वीएन त्रिपाठी ने बताया कि चारों शहरों में काउंसलिंग ऑनलाइन कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि लखनऊ में काउंसलिंग संजय गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान में, कानपुर में गणेश शंकर विद्यार्थी मेडिकल कॉलेज में,इलाहाबाद में मोती लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज और मेरठ में लाला लाजपत राय मेमोरियल मेडिकल कॉलेज में होगी।
इन चारों शहरों में कोई भी कहीं पर भी जाकर काउंसलिंग में हिस्सा ले सकता है। उन्होंने बताया कि काउंसलिंग सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार तय समय पर कराई जा रही है।
यूपी में एमबीबीएस की कहां कितनी सीट
किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटीः210
गणेश शंकर विद्यार्थी मेडिकल कॉलेज,कानपुरः159
सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज,आगराः124
मोती लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज,इलाहाबादः124
लाला लाजपत राय मेडिकल कॉलेज,मेरठः124
महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज,झांसीः82
बाबा राघव दास मेडिकल कॉलेज,गोरखपुरः82
यूपी ग्रामीण आयुर्विज्ञान एवं अनुसंधान संस्थान सैफई, इटावाः127
राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज,अंबेडकरनगरः85
राजकीय मेडिकल कॉलेज,कन्नौजः85
राजकीय मेडिकल कॉलेज,जालौनः85
राजकीय मेडिकल कॉलेज,आजमगढ़ीः85
इस साल बढ़ जाएंगी 109 सीटें
एमबीबीएस में दाखिला चाहने वाले युवाओं के लिए अच्छी खबर है। मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया (एमसीआई) ने सहारनपुर मेडिकल कॉलेज की 100 सीटों में दाखिले को हरी झंडी दे दी है।
सीएमएसटी के जरिए इसमें 85 सीटें भरी जाएंगी। 15 सीटें एआईपीएमटी से भरी जाएंगी। जबकि आगरा मेडिकल कॉलेज को 18, झांसी मेडिकल कॉलेज को तीन व गोरखपुर मेडिकल कॉलेज को तीन और सीटें मिली हैं।
ये वे सीटें हैं जिन्हें एमसीआई ने संसाधनों में कमी की आपत्ति लगाते हुए पिछले साल कम कर दिया था। महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा डॉ.वीएन त्रिपाठी ने बताया कि एमबीबीएस की सीटें बढ़ने के संकेत एमसीआई से मिल गए हैं।
शीघ्र ही इनके औपचारिक आदेश जारी हो जाएंगे। इन सीटों में सीपीएमटी के जरिए 109 एमबीबीएस की सीटें और बढ़ जाएंगी। इससे प्रदेश में एमबीबीएस की सीटों की संख्या बढ़कर 1481 हो जाएगी।