शहर के प्राइवेट स्कूलों में एंट्री लेवल पर कॉमन एडमिशन शेड्यूल फोलो नहीं करने वाले स्कूलों पर गाज गिर सकती है।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने साफ कर दिया है कि कॉमन एडमिशन शेड्यूल को लेकर विभाग के आदेशों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं होगी।
मामले को लेकर बुधवार को डीपीआई(स्कूल) कमलेश कुमार और प्राइवेट स्कूल प्रबंधकों की अहम बैठक होने जा रही है।
बैठक में प्राइवेट स्कूलों को कॉमन शेड्यूल फोलो करने को कहा जाएगा। 7 नवंबर को कॉमन एडमिशन शेड्यूल को लेकर करीब 60 प्राइवेट स्कूल प्रिंसिपल और डीपीआई(स्कूल) की सेक्टर-19 गवर्नमेंट मॉडल स्कूल में बैठक हुई।
प्राइवेट स्कूल प्रिंसिपल की सहमति के बाद 8 नवंबर को शिक्षा विभाग ने कॉमन एडमिशन शेड्यूल जारी कर दिया।
लेकिन शहर के प्रतिष्ठित विवेक हाई स्कूल ने विभाग के आदेशों की अनदेखी करते हुए अलग दाखिला शेड्यूल जारी कर दिया। बैठक में स्कूल प्रबंधन का कोई अधिकारी भी नहीं पहुंचा।
15 प्रिंसिपल को भेजा मैसेज
13 नवंबर को डीपीआई(स्कूल) के साथ होने वाली बैठक के लिए करीब 15 प्राइवेट स्कूल प्रिंसिपल को सोमवार को ही मैसेज भेजा गया है।
बैठक में सिर्फ उन प्रिंसिपल को बुलाया गया है जिन्होंने 7 नवंबर की बैठक में हिस्सा नहीं लिया था।
सरकारी में 1 दिसंबर से फार्म
प्राइवेट और सरकारी स्कूलों में एंट्री लेवल पर दाखिले के लिए कॉमन एडमिशन शेड्यूल होगा। जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) दफ्तर में सरकारी स्कूलों में दाखिले की तैयारी शुरू कर दी गई है।
अधिकारियों के अनुसार एक से बीस दिसंबर तक संबंधित स्कूल में आवेदन फार्म मिलेंगे। आवेदन फार्म संबंधित स्कूल के एक किलोमीटर के दायरे में आने वाले बच्चों को निशुल्क मिलेगा।
सीटें खाली रहने पर दायरे को बाद में बढ़ाया जा सकता है।