सीबीएसई 12वीं के नतीजे अगले सप्ताह जारी होंगे। सीबीएसई की जिला समन्वयक रेनू सिंह ने बताया कि 26 अथवा 27 मई को नतीजे जारी होने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि जिले में करीब छह हजार बच्चों ने 12वीं बोर्ड की परीक्षा दी थी। केंद्रीय विद्यालय, एमिटी इंटरनेशनल स्कूल, दिल्ली पब्लिक स्कूल, एपीजे, विश्व भारती स्कूल, समरविले, डीएवी, मॉडर्न आदि स्कूल परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।
मेट्रो अस्पताल के मनोचिकित्सक डॉ. फारुकी कहते हैं कि 12वीं के रिजल्ट को लेकर बच्चों में काफी तनाव देखने को मिलता है।
यह बच्चों की सेहत के लिए खतरनाक है। तनाव से नतीजे तो नहीं बदलते, लेकिन बच्चों के आगे का करियर डगमगा सकता है। इसलिए तनाव बिल्कुल भी न लें।
क्या करें
- नतीजों को लेकर घबराएं नहीं। तनाव न लें।
- जितने भी नंबर आए हैं, उससे संतुष्ट रहें।
- यह रिजल्ट यह अंत नहीं है, आगे ध्यान दें।
- सहपाठियों से अपने नंबर की तुलना न करें।
- जिस क्षेत्र में करियर बनाना है, उस पर फोकस करें।
- अभिभावक बच्चों पर अपनी उम्मीद न थोपें।
- बच्चा यदि तनाव में है, तो उससे बात करें।
- मनोचिकित्सक से भी संपर्क कर सकते हैं।