इंजीनियरिंग व मैनेजमेंट कॉलेजों में दाखिले के लिए होने वाली राज्य प्रवेश परीक्षा (एसईई)-2015 में अभ्यर्थियों की बॉयोमिट्रिक उपस्थिति दर्ज होगी। इस प्रस्ताव पर अंतिम मुहर सेंट्रल एडमिशन कमेटी (कैब) की बैठक में लगाई जाएगी।
मुन्नाभाई परीक्षा में सेंधमारी न कर पाएं, इसलिए यह फूलप्रूफ व्यवस्था की जा रही है। साथ ही परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थी की फोटो भी खींची जाएगी। यूपीटीयू इसकी पुख्ता व्यवस्था करेगा कि जिस अभ्यर्थी ने परीक्षा दी है, वह ही काउंसलिंग में शामिल हो। जरा भी हेराफेरी की कोशिश की गई तो आरोपी तुरंत ही पकड़ा जाएगा।
उप्र प्राविधिक विश्वविद्यालय (यूपीटीयू) की राज्य प्रवेश परीक्षा (एसईई) 2015 के को-ऑर्डिनेटर प्रो. जेपी सैनी ने बताया कि सेंट्रल एडमिशन कमेटी (कैब) की बैठक में यह प्रस्ताव रखा जाएगा कि इस बार अभ्यर्थियों की बॉयोमिट्रिक उपस्थिति दर्ज की जाए।
प्रो. जेपी सैनी ने बताया कि एसईई में पहली बार डोमिसाइल व्यवस्था खत्म होगी। अब यूपी के बाहर के छात्र भी एसईई के माध्यम से इंजीनियरिंग कॉलेजों में दाखिला ले सकेंगे। प्रो. सैनी का कहना है कि एसईई को स्टूडेंट फ्रेंडली बनाने की कोशिश की जा रही है। जल्द ही कैब की होने वाली बैठक में एसईई से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पास होंगे।