राज्य स्तरीय संयुक्त प्रवेश प्रक्रिया में शामिल होने के लिए ऐसे अभ्यर्थी भी अर्ह होंगे, जिनके स्नातक में 50 प्रतिशत नंबर नहीं हैं पर उन्होंने पीजी में 50 प्रतिशत नंबर हासिल किए हैं।
बीएड प्रवेश परीक्षा का समन्वयन कर रहे लविवि ने स्टूडेंट्स की समस्याओं पर दिशा-निर्देश जारी किए हैं। निर्देश में अभ्यर्थियों द्वारा प्रमुख रूप से पूछे जा रहे सवालों के जवाब शामिल हैं।
बीएड प्रवेश परीक्षा के कोऑर्डिनेटर प्रो. वाईके शर्मा के अनुसार इस साल स्नातक अंतिम वर्ष की परीक्षा देने वाले अभ्यर्थी आवेदन फॉर्म भरने के लिए अर्ह नहीं हैं।
बीसीए और बीएचसी में 50 प्रतिशत नंबर लाने वाले अभ्यर्थी आवेदन के लिए पात्र होंगे। कोऑर्डिनेटर ने अभ्यर्थियों को पंजीकरण संख्या न मिलने पर दोबारा आवेदन करने की सलाह दी है।
उनके अनुसार अगर किसी अभ्यर्थी के आवेदन फॉर्म में कोई सूचना गलत हो गई है तो फिर प्रवेश कार्यालय के पते पर साक्ष्य के प्रमाणपत्र के साथ पत्र लिखकर इसकी सूचना देनी चाहिए। संशोधन होने पर अभ्यर्थी को इसकी सूचना दे दी जाएगी।