पंजाब यूनिवर्सिटी की ओर से ली जा रही परीक्षा के दौरान शनिवार को बीकाम फर्स्ट ईयर का अंग्रेजी का पेपर आउट ऑफ सिलेबस आया। विद्यार्थियों का कहना था कि पेपर में 32 अंक का पेपर आउट ऑफ सिलेबस था। इससे स्टूडेंट्स में नाराजगी है। वहीं पूछे जाने पर शिक्षकों ने कहा कि 20 अंक का पेपर सिलेबस से बाहर से आया है।
पहला और पांचवां सवाल रहा आउट ऑफ सिलेबस
परीक्षा देकर आई छात्रा मंजू ने कहा कि उनका पहला और पांचवां सवाल (प्रति 20 अंक) आउट ऑफ सिलेबस रहा। दोनों ही सवाल उनके पूरे सिलेबस में नहीं थे। रुचि ने कहा कि पहला ही सवाल सिलेबस में न होने की वजह से उन्हें काफी परेशानी हुई, क्योंकि यह बीस अंक का था।
विद्यार्थियों का कहना था कि पूरी तैयारी करने के बाद भी उनके 32 अंक बिना वजह काट जाएंगे, जबकि गलती पीयू की है। वहीं, शहर के विभिन्न कॉलेज में बने परीक्षा केंद्रों में ड्यूटी दे रहे शिक्षकों का कहना था कि 20 नंबर का पेपर आउट ऑफ सिलेबस था।
जांच के बाद दिए जाएंगे ग्रेस मार्क्स
कई परीक्षा सेंटर से उन्हें शिकायत तो मिली है। शिक्षकों ने 20 अंक का पेपर आउट ऑफ सिलेबस बताया है। सोमवार को बीकाम फर्स्ट ईयर अंग्रेजी के पेपर की जांच की जाएगी। यदि जांच के दौरान गलती सामने आती है तो विद्यार्थियों को ग्रेस मार्क्स देने पर विचार किया जाएगा।
परविंदर सिंह, परीक्षा नियंत्रक