अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति 2014 के लिए परीक्षा रविवार 2 नवंबर को आयोजित की जाएगी। चंडीगढ़ में यह परीक्षा सेक्टर-27 स्थित मोती राम आर्य सीनियर सेकेंडरी मॉडल स्कूल में होगी।
इसी तरह पंचकूला में सेक्टर-8 स्थित द ब्रिटिश स्कूल परीक्षा केंद्र होगा। परीक्षा सुबह 10.30 बजे से 11.45 बजे तक कराई जाएगी। परीक्षा केंद्र पर सुबह 10 बजे पहुंचना है।
परीक्षा शुरू होने के 15 मिनट बाद परीक्षा केंद्र पर पहुंचने वाले किसी परीक्षार्थी को परीक्षा कक्ष में प्रवेश नहीं मिलेगा।
आवेदन फार्म आधे अधूरे भरने या फिर फार्म पर डाक टिकट न लगाने वाले कई विद्यार्थियों के फार्म रद्द कर दिए गए हैं। ऐसे विद्यार्थी परीक्षा नहीं दे पाएंगे। पात्र परीक्षार्थियों को एडमिट कार्ड भेज दिए गए हैं।
पैटर्न और नियम
छात्रवृत्ति परीक्षा के दो खंड में 75 मार्क्स के प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा हिंदी में होगी। पहला खंड ऑब्जेक्टिव होगा जिसमें 60 मार्क्स के प्रश्न होंगे। दूसरे खंड में 150 शब्द की टिप्पणी लिखनी होगी।
इसके लिए 15 मार्क्स निर्धारित किए गए हैं। परीक्षा 75 मिनट की होगी। निगेटिव मार्किंग की व्यवस्था नहीं है। पेपर पर ही सवालों के जवाब देने होंगे।