नेशनल काउंसिल फॉर टीचर एजुकेशन (एनसीटीई) से मान्यता नहीं मिलने पर आईपीयू प्रबंधन ने सोनीपत स्थित भगवान महावीर कॉलेज ऑफ एजुकेशन के इस सत्र के बीएड प्रोग्राम में दाखिले रद्द कर दिए हैं। बीएड के सभी छात्रों को आईपीयू अन्य कॉलेजों में शिफ्ट करेगा।
यह प्रक्रिया बृहस्पतिवार से शुरू होगी। विश्वविद्यालय प्रबंधन ने बुधवार देर शाम इस संबंध में कॉलेज को जानकारी दे दी है। आईपीयू के एडमिशन इंचार्ज प्रोफेसर प्रवीण चंद्रा के भेजे गए सर्कुलर के मुताबिक, एनसीटीई ने कॉलेज प्रबंधन को शैक्षणिक सत्र 2014-15 में बीएड की पढ़ाई करवाने की मान्यता नहीं दी है।
जब तक काउंसिल मान्यता नहीं देगी, तब तक इस कॉलेज में उक्त प्रोग्राम की कक्षाएं नहीं चलेंगी। विश्वविद्यालय ने इस कॉलेज में पढ़ने वाले छात्रों को सलाह दी है कि वे 30 अक्तूबर को द्वारका स्थित कैंपस में रिपोर्ट करें, ताकि उन्हें उनकी सुविधा के मुताबिक कॉलेज अलॉट किए जा सकें।
छात्रों को एकेडमिक सत्र के तहत जमा 40 हजार रुपये फीस की रसीद समेत काउंसलिंग के दौरान भगवान महावीर कॉलेज ऑफ एजुकेशन में अलॉट सीट की कॉपी भी लानी होगी।