आर्यन्स ग्रुप ऑफ कॉलेजेज ने रविवार को ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ मुहिम के तहत लड़कियों के लिए विशेष छात्रवृत्ति स्कीम लांच की। सेक्टर-31 स्थित पीएचडी चैंबर में आयोजित इस कार्यक्रम में सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्य मंत्री विजय सांपला ने मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत की।
स्कीम लांच होने के बाद मुख्य अतिथि विजय सांपला ने कहा कि 21वीं सदी में भी लोगों की सोच 18वीं सदी की है। लड़के और लड़की में अब भी भेदभाव की गहरी खाई है। हमारा नारा ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, बेटा समझाओ’ का होना चाहिए।
वहीं, आर्यन्स ग्रुप के चेयरमैन डॉ. अंशु कटारिया ने बताया कि इस स्कीम से 50 लड़कियां लाभान्वित होंगी। इंजीनियरिंग और डिप्लोमा कोर्सेज में कॉलेज की तरफ से इन लड़कियों को 50 फीसदी वजीफा दिया जाएगा, बाकी 50 फीसदी एजुकेशन लोन के रूप में फाइनेंस करवाया जाएगा।
आर्थिक रूप से कमजोर और उत्कृष्ट लड़कियां इसके योग्य होंगी। कॉलेज प्रबंधन ने इसके लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 180030000388 शुरू की है। इच्छुक छात्राएं इस नंबर पर मिस्ड कॉल देकर रजिस्ट्रेशन करवा सकती हैं।