एलएलबी पास करने के बाद वकालत को पेशे के तौर पर अपनाने के लिए बार काउंसिल ऑफ इंडिया (बीसीआई) की परीक्षा के आवेदन में अब कुछ ही दिन बचे हैं।
ऑल इंडिया बार एग्जाम (एआईबीई) का आयोजन 15 मार्च को किया जाएगा। बीसीआई के मुताबिक छात्र परीक्षा के लिए 18 फरवरी तक आवेदन कर सकते हैं। 13 फरवरी को ऑनलाइन पंजीकरण और ऑफलाइन फार्मों की बिक्री बंद कर दी जाएगी।
बैंक चालान से 16 फरवरी तक शुल्क जमा करा सकते हैं। इसके बाद ऑनलाइन फार्म पूरा करने की अंतिम तिथि 18 फरवरी और ऑफलाइन आवेदन पत्र बीसीआई के दिल्ली स्थित कार्यालय में जमा होने की अंतिम तिथि भी यही होगी।
22 फरवरी को बीसीआई की ओर से एडमिट कार्ड वेरिफिकेशन शुरू करा दिया जाएगा और 24 फरवरी तक त्रुटि सुधार कर सकते हैं। सात मार्च को अंतिम एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे।
इसके बाद 15 मार्च 2015 को यह परीक्षा आयोजित कराई जाएगी। परीक्षा खुली किताब पैटर्न पर होती है। इसके तहत अभ्यर्थी को परीक्षा में किताब ले जाने की अनुमति होती है।
ऐसे होता है पंजीकरण
एलएलबी उत्तीर्ण छात्र जब इस परीक्षा में पास हो जाते हैं तो बीसीआई की ओर से उन्हें एक प्रमाण पत्र जारी किया जाता है। इस प्रमाण पत्र के साथ छात्र संबंधित राज्य में बतौर अधिवक्ता पंजीकरण के लिए आवेदन करता है। इसके बाद ही उसका पंजीकरण होता है।