एनएसयूआई अध्यक्ष पद के उम्मीदवार रॉकी तुषीड को कोर्ट से राहत मिलने के बाद डूसू चुनाव में फिर एक नया मोड़ आ गया है। संगठन ने एक बार फिर रॉकी तुषीड को मैदान में उतारा है। जबकि बृहस्पतिवार को अध्यक्ष पद के लिए घोषित उम्मीदवार अलका सेहरावत को बैठा लिया गया है। अब वह रॉकी तुषीड का प्रचार में समर्थन करेंगी। डूसू चुनाव कार्यालय ने रॉकी को नया बैलेट नंबर 9 जारी कर दिया।
एनएसयूआई का कहना है कि रॉकी तुषीड के नामांकन को एक मनमाने और दुर्भावनापूर्ण तरीके से स्वीकार नहीं किया। उच्च न्यायालय ने उनकी उम्मीदवारी को बहाल कर दिया। एनएसयूआई ने देर शाम डूसू चुनाव अधिकारियों से मुलाकात कर अलका का नामांकन रद्द करने की मांग की है।
एनएसयूआई का कहना है कि वह हमारी उम्मीदवार थीं और यदि उनका नामांकन रद्द नहीं होता तो ईवीएम मशीन पर उसका बैलेट नंबर एक रहेगा। इससे छात्रों में असमंजस की स्थिति बन सकती है।