अब प्रदेश के छात्र बिना लेट फीस 27 जून तक कॉलेजों में प्रवेश को आवेदन कर सकेंगे। शिक्षा विभाग ने प्रवेश की तारीख बढ़ा दी है। पहले यह तारीख 20 जून रखी गई थी। रूसा सीबीसीएस के तहत तीसरे और पांचवें सत्र के लिए रोल ऑन में पूर्व निर्धारित शेडयूल के तहत ही प्रवेश दिया जाएगा।
शिक्षा विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक 27 जून तक छात्र यूजी डिग्री कोर्स के लिए आवेदन कर प्रवेश ले सकेंगे। आवेदन की तिथि बढ़ाने के बावजूद कॉलेज पूर्व निर्धारित तिथि के मुताबिक ही प्रवेश प्रक्रिया जारी रखेंगे। पहली मेरिट और दूसरी मेरिट तय तिथि को ही जारी होगी।
कॉलेजों में प्रवेश को पूर्व में तय बीस जून की तिथि के कारण राजधानी सहित प्रदेश के कॉलेजों में आवेदन फार्म जमा करवाने वालों की भीड़ लगी रही। देर शाम पांच बजे तक कॉलेजों ने प्रवेश फार्म जमा किए। अधिकतर कॉलेजों में सोमवार को पहली मेरिट जारी होगी। सेंटर ऑफ एक्सीलेंस संजौली कॉलेज 23 जून को अपनी मेरिट जारी करेगा।
उसके बाद छात्रों को फीस जमा करवाने को समय मिलेगा। इसके बावजूद रिक्त रहने वाली सीटों के लिए दूसरी मेरिट 25 जून को जारी की जाएगी। राजधानी के सेंटर आफ एक्सीलेंस कॉलेज प्राचार्य डा. जेएस नेगी ने कहा कि कॉलेज में शनिवार शाम पांच बजे तक 4200 के करीब छात्रों के आवेदन आए।
वहीं, राजकीय कन्या महाविद्यालय आरकेएमवी की प्राचार्य प्रो. मीरा वालिया ने बताया कि 3230 के करीब आवेदन आए तो कोटशेरा कॉलेज प्राचार्य डा. आरआर चौहान ने बताया कि कॉलेज में प्रवेश को 2320 छात्रों ने आवेदन किया।