अगर आपका बच्चा भी तीन साल से अधिक उम्र का हो गया है तो उसके दाखिले के लिए कमर कस लीजिए। प्राइवेट स्कूलों में एंट्री लेवल दाखिला प्रक्रिया का कॉमन एडमिशन शेड्यूल शिक्षा विभाग ने तैयार कर लिया है। मंजूरी के लिए इसे डीपीआई (स्कूल) को भेज दिया गया है।
जानकारी अनुसार दाखिला प्रक्रिया आगामी 29 नवंबर से शुरू हो जाएगा। इस दिन सभी स्कूलों को दाखिले की पूरी जानकारी अपनी वेबसाइट और नोटिस बोर्ड पर देनी होगी।
5 से 16 दिसंबर तक स्कूलों में आवेदन फार्म मिलेंगे और जमा होंगे। वैसे शेड्यूल की तिथियों पर अंतिम फैसला डीपीआई(स्कूल) की स्कूल प्रिंसिपल के साथ वीरवार को होने वाली बैठक के बाद ही होगा। शहर के करीब 80 प्राइवेट और कान्वेंट स्कूलों में 5 हजार से अधिक सीटों पर प्री-नर्सरी, नर्सरी और केजी स्तर पर दाखिला होगा।
संभावित एडमिशन शेड्यूल
29 नवंबर 2013- सभी प्राइवेट स्कूल एंट्री लेवल पर सीटों, फीस स्ट्रक्चर, आवश्यक दस्तावेजों, दाखिला प्रक्रिया की जानकारी अपनी वेबसाइट पर देंगे।
5 से 16 दिसंबर 2013- रजिस्ट्रेशन और एडमिशन फार्म जारी किए जाएंगे।
6 से 16 जनवरी 2014-लकी ड्रा और चुने गए बच्चों की लिस्ट और वेटिंग लिस्ट।
17 से 28 जनवरी 2014- अभिभावकों को फीस जमा करने के लिए कम से कम दस दिन मिलेंगे।
29 से 31 जनवरी 2014- वेटिंग लिस्ट से खाली सीटों पर दाखिला किया जाएगा।
आवेदन फीस 100 रुपये ही
शिक्षा विभाग ने प्राइवेट स्कूलों में आवेदन फार्म और रजिस्ट्रेशन के लिए 100 रुपये अधिकतम फीस तय की है। प्राइवेट स्कूल प्रास्पेक्टस की कीमत अपनी इच्छा से तय कर सकते हैं। प्रास्पेक्टस खरीदना अभिभावकों के लिए अनिवार्य नहीं किया जा सकता।
प्राइवेट स्कूलों में इकोनामिकल वीकर सेक्शन(ईडब्ल्यूएस) कोटे के तहत रिजर्व सीटों पर भी कॉमन एडमिशन शेड्यूल के दोरान ही दाखिला होगा। स्कूलों को ईडब्ल्यूएस कोटे की सीटों के बारे में नोटिस बोर्ड और वेबसाइट पर जानकारी देनी होगी।
चाइल्ड मैपिंग के आधार पर प्राइवेट स्कूल निर्धारित एरिया के अंदर आने वाले बच्चों को प्राथमिकता के आधार पर दाखिला देगा। प्राइवेट स्कूलों में 25 फीसदी सीटें ईडब्ल्यूएस कोटे के तहत भरी जाएंगी।