राजधानी के प्रमुख स्कूलों में अगले सत्र 2014-15 के दाखिले की तैयारी अभी से शुरू हो गई है।
कई स्कूलों में प्रवेश फार्म मिलने लगे हैं जबकि कई स्कूलों में आवेदन फॉर्म दिसंबर के अंत या जनवरी की शुरुआत में मिलेंगे।
इसी के साथ अभिभावकों ने के स्कूलों में बच्चों के एडमिशन की तैयारी शुरू कर दी है।
लॉरेटो कॉन्वेंट स्कूल, बंदरियाबाग
शहर के सबसे प्रतिष्ठित गर्ल्स स्कूल लॉरेटो कॉन्वेंट स्कूल में केवल 7 व 8 नवंबर को सुबह 11 से दोपहर साढ़े 12 बजे तक नर्सरी कक्षा के आवेदन फॉर्म दिए जाएंगे।
आवेदन फॉर्म का मूल्य 400 रुपये है। कॉलेज में नर्सरी में 40-40 बच्चों के दो सेक्शन हैं। अन्य कक्षाओं में प्रवेश ट्रांसफर केस में दिया जाएगा। लॉरेटो कॉन्वेंट में हिंदी मीडियम के बच्चों की पढ़ाई भी होती है।
प्रिंसिपल एल.जार्ज के अनुसार हिंदी मीडियम के स्कूल में गरीब तबके के बच्चों को एडमिशन दिया जाता है।
दाखिले का आधार: फॉर्म जमा करने के बाद तिथि घोषित की जाएगी। यहां अभिभावकों का साक्षात्कार लिया जाता है।
लॉ-मार्टीनियर कॉलेज, हजरतगंज
नर्सरी व कक्षा तीन की खाली सीटों के प्रवेश फार्म एक नवंबर से 23 नवंबर तक मिलेंगे और जमा होंगे। यहां नर्सरी के सात सेक्शन हैं। प्रत्येक सेक्शन में करीब 50 सीटें हैं।
कॉलेज में पढ़ाई की शुरुआत नए प्रवेश की प्रकिया पूरी होने के बाद मार्च तक शुरू होने की संभावना है।
दाखिले का आधार: माता-पिता की मौजूदगी में बच्चे से इंटरव्यू के आधार पर प्रवेश दिया जाता है।
सेंट पॉल्स स्कूल, कैंट
आवेदन फॉर्म 18 नवंबर से मिलना शुरू होंगे। फॉर्म रोजाना सुबह साढ़े आठ बजे से स्कूल जाकर प्राप्त किए जा सकते हैं। आवेदन फॉर्म की फीस 300 सौ रुपये रखी गई है। स्कूल में नर्सरी के बच्चों की 150 सीट है।
दाखिले का आधार: दाखिला इंटरव्यू के आधार पर होगा।
मिलेनियम स्कूल, साउथ सिटी
एडमिशन फॉर्म 15 नवंबर से मिलेंगे। स्कूल में नर्सरी और छोटी कक्षाओं में हर सेक्शन में 24-24 बच्चों की सीट है। जबकि बड़ी कक्षाओं में 35 बच्चों का एक सेक्शन होता है।
आवेदन फॉर्म का मूल्य अभी निर्धारित नहीं है। नर्सरी स्तर पर वर्तमान फीस करीब 11 हजार रुपये सालाना है। स्कूल प्रबंधन के अनुसार अगले सत्र के लिए फीस में कुछ बदलाव किया जा सकता है।
दाखिले का आधार: एडमिशन टेस्ट के आधार पर होगा।
कैथेड्रल स्कूल, हजरतगंज
स्कूल ने अभी तक एडमिशन फॉर्म जारी नहीं किए हैं। स्कूल के फादर मेल्विन के अनुसार एडमिशन कार्यक्रम 15 नवंबर के बाद जारी किया जाएगा।
कार्यक्रम में फॉर्म मिलने व जमा करने, इंटरव्यू की तिथि के साथ ही एडमिशन और मासिक फीस की जानकारी होगी।
60 साल पुराने कैथेड्रल स्कूल में हर वर्ग के बच्चों का शिक्षा का समान अवसर दिया जाता है। कक्षाएं अप्रैल से शुरु हो जाएंगी।
दाखिले का आधार: स्कूल में एडमिशन बच्चों के इंटरव्यू के आधार पर किए जाएंगे।
क्राइस्ट चर्च-हजरतगंज
नर्सरी के फार्म दिसंबर के बाद मिलने शुरू होंगे। उसके बाद ही बाकी की डिटेल जारी की जाएगी। क्राइस्ट चर्च शहर का काफी प्रतिष्ठित व पुराना स्कूल है।
कम फीस और अच्छी पढ़ाई की वजह से पूरे शहर में इसका नाम है। स्कूल में नर्सरी की कुल 50 सीटें है।
दाखिले का आधार: बच्चों के इंटरव्यू के आधार पर उनका चयन होगा।
लखनऊ की और खबरों के लिए क्लिक करें यहां