शादी के दो महीने बाद ही एक युवती ने जुड़वा बच्चों को जन्म दिया तो ससुराल में बवाल मच गया। युवती ने जब सच बयां किया, तो घरवालों के होश उड़ गए।
उसने बताया कि इस साल फरवरी में पड़ोसी ने उससे रेप किया था। युवती के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रेप का मामला दर्ज कर लिया।
परिजनों ने बच्चे और आरोपी युवक का डीएनए टेस्ट कराने की मांग की है। घटना उत्तर प्रदेश के बांदा जिले की है।
घर में घुसकर किया था रेप
मरका थाना क्षेत्र की 20 वर्षीय एकता (परिवर्तित नाम) के साथ पड़ोसी युवक ने दो फरवरी, 2013 को घर में घुसकर रेप किया था। तब एकता की शादी दूसरी जगह तय हो चुकी थी।
परिजनों ने थाने में शिकायत की तो पुलिस ने लोक-लज्जा का हवाला देकर रिपोर्ट दर्ज नहीं की। परिजन भी खामोश हो गए। युवती के गर्भवती हो गई।
इस बीच 11 जुलाई को एकता की शादी फतेहपुर जनपद के एक युवक से कर दी गई। शादी के दो माह बाद पति को युवती के गर्भवती होने का पता चला तो वह उसे उसके मायके छोड़ आया और रखने से इनकार कर दिया।
जुड़वां बच्चों को दिया जन्म
25 सितंबर को युवती ने दो जुड़वां बच्चों को जन्म दिया। एक बच्चे की अगले ही दिन मौत हो गई। दूसरे बच्चे की तबीयत बिगड़ने पर बुधवार की शाम उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बृहस्पतिवार को तड़के उसने भी दम तोड़ दिया।
युवती के परिजनों ने मरका थाने में दुराचार की तहरीर दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी युवक शेरबहादुर सिंह के खिलाफ रेप को मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मृतक शिशु का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। बच्चे और आरोपी का डीएनए टेस्ट कराया जाएगा।