देहरादून के श्रीगुरुरामराय पीजी कॉलेज प्रशासन ने छात्र नेताओं के आंदोलन की चेतावनी को दरकिनार कर सोमवार से दाखिला प्रक्रिया शुरू करने का फैसला किया है।
मांगों को आधारहीन करार दिया
कॉलेज प्रशासन ने छात्रों द्वारा उठाई गई पांच मांगों को आधारहीन करार दिया है। कॉलेज के कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. दिनेश सिंह का कहना है कि छात्रों ने जो मांगें उठाई हैं, उनमें से एक का भी निस्तारण उनके स्तर पर नहीं किया जा सकता।
लिहाजा कॉलेज प्रशासन इनके आधार पर दाखिला प्रक्रिया बंद नहीं कर सकता।
डॉ. सिंह ने बताया कि छात्रों के आंदोलन में उत्तराखंड के छात्रों को रिजर्वेशन, आपदा प्रभावित छात्रों को विशेष छूट या अनुमन्य से ज्यादा सीटों पर दाखिले पर फैसले का अधिकार कॉलेज का नहीं है।
विवि ने दी है यह व्यवस्था
छात्रों के बीए में कांबिनेशन बनाने के विरोध पर उन्होंने कहा कि विवि ने ही यह व्यवस्था दी है, कॉलेज सिर्फ इसका पालन कर रहा है।
डॉ. सिंह ने कहा कि छात्रों की यह मांग मानकर अगर उन्हें मनमुताबिक कांबिनेशन लेने की छूट दे दी गई और विवि ने बाद में परीक्षा कराने से इनकार कर दिया तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? उन्होंने सोमवार से दाखिला प्रक्रिया शुरू करने की बात कही।