देहरादून के डीएवी महाविद्यालय में ड्राफ्ट से शुल्क जमा करने की व्यवस्था ने पांच हजार छात्रों के भविष्य पर संकट खड़ा कर दिया है।
दरअसल, महाविद्यालय से छात्रों के शुल्क के जो ड्राफ्ट बैंकों को भेजे गए थे, उन्हें बैंकों ने लौटा दिए हैं। बैंकों ने बताया है कि ड्राफ्टों की तीन माह की वैधता अवधि खत्म हो गई है। इसके बाद महाविद्यालय ने छात्रों को दोबारा शुल्क जमा करने के लिए कहा है।
अगर छात्रों ने जल्द शुल्क जमा नहीं कराया तो वे परीक्षा से वंचित हो जाएंगे। लेकिन इससे भी बड़ा सवाल यह है कि जब छात्रों की कोई गलती नहीं है तो वे सजा क्यों भुगतें? कॉलेज ने समय अवधि में ड्राफ्ट क्यों नहीं जमा कराया और बैंकों ने उसे उसी अवधि में स्वीकार क्यों नहीं किया?
इसलिए लगा लंबा वक्त
महाविद्यालय ने अगस्त-सितंबर में दाखिला लेने वाले छात्रों के ड्राफ्ट संबंधित बैंकों को भेजे तो बैंकों ने एक दिन में 300 क्षमता होने की बात कहकर अतिरिक्त ड्राफ्ट लौटा दिए।
कॉलेज प्रशासन ने इसके बाद हर दिन 300 छात्रों के ड्राफ्ट बैंकों को भेजना शुरू किया, लेकिन इस प्रक्रिया में वक्त लग गया। नतीजतन करीब 5000 छात्रों के ड्राफ्ट ओवरडेट हो गए। सभी ड्राफ्ट बैंकों ने लौटा दिए हैं।
भेजे जा रहे मैसेज
कॉलेज प्रशासन की ओर से उन छात्रों को मोबाइल फोन पर मैसेज भेजे जा रहे हैं जिनके ड्राफ्ट बैंकों ने लौटाएं हैं। छात्रों को कालेज से ड्राफ्ट लेकर शुल्क नकद जमा कराने को कहा जा रहा है।
शुल्क जमा कराने की अंतिम तिथि 21 फरवरी बताई गई है। यदि कोई छात्र किसी वजह से मैसेज नहीं देख सका तो उसके भविष्य पर तलवार लटक सकती है।
छात्रों पर आर्थिक मार
ड्राफ्ट बनाने के लिए शुल्क के साथ 50 रुपए अतिरिक्त देने होते हैं। ड्राफ्ट रद्द कराने के लिए छात्रों को 112 रुपए अतिरिक्त चुकाने होंगे। यानी शुल्क चुकाने के बावजूद एडमिशन बचाने के लिए उन पर 162 रुपए अतिरिक्त मार पड़ेगी।
कुछ पाठ्यक्रमों में तो शुल्क केवल 108 रुपए था, लेकिन छात्रों को इससे अधिक रकम 112 रुपए ड्राफ्ट रद्द कराने में देनी होगी।
विवि ने भी मांगे 50 रुपए अतिरिक्त
श्रीनगर गढ़वाल विश्वविद्यालय ने भी अचानक स्नातक और परास्नातक के परीक्षा शुल्क में बढ़ोतरी कर दी है। स्नातक का शुल्क 600 रुपए से बढ़कर 650 हो गया है, जबकि परास्नातक का शुल्क 700 रुपए से बढ़कर 750 रुपए हो गया है।
खास बात यह है कि दाखिला प्रक्रिया पूरी होने के महीनों बाद अब यह जानकारी महाविद्यालय को मिली है। अब सभी छात्रों को 50 रुपए अतिरिक्त शुल्क जमा करने के लिए कहा जा रहा है, ताकि परीक्षा में दिक्कत न हो।
हमने ड्राफ्ट समय से भेजे थे लेकिन प्रक्रिया में आते-आते उनकी तिथि खत्म हो गया। इसलिए बैंकों से ड्राफ्ट वापस आ गए। छात्र, कालेज से अपना ड्राफ्ट प्राप्त कर उसे रिन्यू करवा लें या फिर रद्द करके नकद राशि जमा करा लें।
- डॉ. देवेंद्र भसीन, प्राचार्य, डीएवी कॉलेज