द्रोणाचार्य राजकीय महाविद्यालय छात्रावास का मामला एक बार फिर गरम हो गया है। कॉलेज के छात्रों ने मंगलवार को बादशाहपुर से विधायक राव धर्मपाल की कोठी के समक्ष प्रदर्शन किया।
वह नहीं मिले तो जिला उपायुक्त को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौपा। छात्रों के आंदोलन का नेतृत्व अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् (एबीवीपी) कर रहा है।
हॉस्टल से निकाले गए सभी छात्र मंगलवार सुबह 11:00 बजे विधायक राव धर्मपाल के आवास पर पहुंचकर प्रदर्शन और नारेबाजी की। इनका आरोप है कि हॉस्टल में मात्र 40 छात्राएं ही रह रही हैं।
यह भी पढ़ें: नॉर्थ-ईस्ट स्टूडेंट्स के लिए ABVP की हेल्पलाइन
छात्राओं में हॉस्टल को लेकर कोई उत्साह नहीं है। ऐसे में इसे उन छात्रों को अलॉट कर दिया जाए जो पहले रह रहे थे।
क्या है असली मामला?
गत वर्ष द्रोणाचार्य राजकीय महाविद्यालय के ब्वॉयज हॉस्टल को गर्ल्स में तब्दील कर दिया गया। कॉलेज प्रशासन के इस फैसले से छात्र नाराज थे। तकरीबन डेढ़ सौ छात्रों को हॉस्टल खाली करना पड़ा था। एबीवीपी इस मुद्दे को लेकर पहले भी प्रदर्शन कर चुकी है।
सेमेस्टर परीक्षा के कारण इसे कुछ समय के लिए स्थगित कर दिया गया था। एबीवीपी के विभाग संयोजक सतीश चौधरी ने कहा कि कॉलेज प्रशासन छात्रों की बात नहीं मान रहा है। जब तक छात्रों को हॉस्टल नहीं दिया जाता, वह रोजाना आंदोलन करेंगे।