सफेद एप्रेन में स्टूडेंट्स, किसी के हाथ में कॉपियां-फाइल तो किसी की पीठ पर बैग... चेहरे पर अपने सपनों को पूरा करने का आत्मविश्वास... किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) के इतिहास के 103वें बैच के रूप में दर्ज ये स्टूडेंट्स जब अपने-अपने हॉस्टल से निकले तो यूनिवर्सिटी कैंपस का नजारा ही कुछ और रहा।
न्यू चक्रवर्ती छात्रावास से लड़कों और छात्रा छात्रावास से लड़कियों को सिक्योरिटी गार्ड की सुरक्षा में ब्राउन हॉल तक पहुंचाया गया। डे स्कॉलर्स भी सीधे ब्राउन हॉल पहुंचे।
प्रॉक्टोरियल बोर्ड और अपने हॉस्टल के वार्डन से उनका परिचय कराया गया। लगभग 15 मिनट में औपचारिकताएं पूरी करने के बाद स्टूडेंट्स को बायोकेमिस्ट्री, फिजियोलॉजी और फिर एनॉटमी की कक्षाओं में ले जाया गया।
केजीएमयू के एमबीबीएस-2013 बैच के शैक्षिक सत्र की शुरुआत बृहस्पतिवार से हो गई। अब तक प्रवेश पा चुके 220 स्टूडेंट्स शैक्षिक सत्र की शुरुआत के साक्षी बने। चीफ प्रॉक्टर प्रो. अब्बास मेहंदी ने ब्राउन हॉल पहुंचे सभी स्टूडेंट्स का स्वागत किया।
इसके बाद उन्हें प्रॉक्टोरियल बोर्ड के अन्य सदस्यों से मिलवाया गया। उन्हें केजीएमयू के बारे में संक्षिप्त परिचय देकर कक्षाओं में भेज दिया गया।
शाम ढलने के बाद लगा ताला
केजीएमयू में एमबीबीएस छात्रों को पहले दिन से ही कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में रखा गया। बुधवार की शाम को हॉस्टल में सभी छात्रों के प्रवेश के बाद से ताला बंद कर दिया गया था।
परिसर में वार्डन और अधिकारियों के अलावा किसी को आने की इजाजत नहीं थी। गेट पर भी कोई फटक न सके, इसके लिए गार्ड को तैनात किया गया था। वहीं, रात में किसी तरह की कोई दिक्कत न हो इसके लिए कई बार वार्डन कमरे के आसपास चक्कर भी लगा रहे थे।
बृहस्पतिवार को भी सुरक्षा व्यवस्था के पूरे इंतजाम थे और सुबह 11 बजे कॉलेज के अधिकारियों, हॉस्टल वार्डन और गार्ड की सुरक्षा में कॉलेज के विभिन्न विभागों के अध्यक्षों से छात्रों का परिचय करवाया गया। यही हाल छात्रा छात्रावास में रहा। वहां भी सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।