विद्यांत: पुलिस पर भारी पड़ा छात्रों का उत्साह
विद्यांत हिंदू पीजी कॉलेज में लैपटॉप लेने के लिए अधिकतर छात्र-छात्राओं ने समय से पहले ही अपनी सीट पर कब्जा जमा लिया था।
इन स्टूडेंट्स को इस बात की खुशी थी कि उनको लंबे समय बाद लैपटॉप मिल गया लेकिन इस बात का मलाल भी रहा कि उनको लैपटॉप मुख्यमंत्री के हाथों नहीं मिल पाया।
लैपटॉप पाने के लिए छात्र-छात्राएं इतने उत्साहित थे कि उनको संभालने में कॉलेज प्रबंधन के साथ ही पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
यहां 1011 छात्र-छात्राओं को लैपटॉप दिया जाना था जिसमें से 63 अनुपस्थित रहे। इसमें लगभग 60 विद्यार्थी ऐसे थे जो लैपटॉप पाने के लिए अपना विशेष परिचय पत्र ही लेने नहीं आए। इस अवसर पर कॉलेज की प्राचार्या प्रो. धरम कौर और प्रबंधक शिवाशीष घोष भी मौजूद रहे।
डीएवी: धूप में चेहरे पर शिकन की जगह खुशी
लैपटॉप लेने के लिए डीएवी पीजी कॉलेज में छात्रों की लाइन कॉलेज के मेन गेट से बाहर तक लगी रही।
क्रमवार छात्रों को विभिन्न कक्षाओं में बैठाकर लैपटॉप वितरित किया गया। छात्रों को लैपटॉप मिल रहा था उनको बाहर भेजकर अन्य छात्रों को बुलाया जा रहा था।
लैपटॉप पाने के लिए छात्रों में इतना उत्साह था कि उमस भरी गर्मी और तेज धूप में भी उनके चेहरे पर शिकन की जगह खुशी दिख रही थी।
लैपटॉप का वितरण तहसीलदार मलीहाबाद, राकेश श्रीवास्तव की निगरानी में हुआ। प्राचार्य डॉ. आरवी त्रिपाठी ने छात्रों को लैपटॉप दिया।
यहां 826 छात्रों को लैपटॉप दिया जाना था जिसमें से मात्र 751 ही लैपटॉप लेने पहुंचे। बचे हुए 75 छात्रों में कुछ ऐसे थे जो अपना परिचय पत्र नहीं लाए थे, जबकि लगभग 20 छात्रों ने अपना विशेष परिचय पत्र कॉलेज से ही नहीं लिया था।
केकेसी: देर से आना पड़ा भारी
जयनारायण पीजी कॉलेज (केकेसी) में लैपटॉप पाने के लिए कुल 3262 छात्रों ने आवेदन किया था। हालांकि, शनिवार को 399 छात्र लैपटॉप पाने से छूट गए।
असल में, इनमें से तमाम छात्र या तो अनुपस्थित रहे या फिर समय से लैपटॉप लेने पहुंच नहीं पाए। छात्र संख्या अधिक होने के कारण यहां दो पालियों में (सुबह 11 से 12.30 बजे तक और डेढ़ से ढ़ाई बजे तक) में वितरण किया गया।
विधायक शारदा प्रसाद शुक्ला ने प्राचार्य एसडी शर्मा की मौजूदगी में छात्रों को लैपटॉप प्रदान किए। उधर, छूटे हुए छात्रों को सोमवार को कॉलेज में संपर्क करने के निर्देश दिए हैं।
एपी सेन: 606 छात्राएं रही मौजूद
एपी सेन कॉलेज में शनिवार को 606 छात्राओं ने लैपटॉप प्राप्त कर दिया। जबकि, 37 छात्राएं अनुपस्थित होने के चलते चूक गई। यहां कुल 643 छात्राएं योजना के लिए पंजीकृत थी।
कॉलेज प्राचार्या विनीता सिंह, प्रबंधक अमलेन्दू दत्ता की मौजूदगी में एसडीएम बीकेटी नितीश कुमार ने छात्राओं को लैपटॉप सौंपे।
केकेवी: छूटे छात्र कल करें संपर्क
बीएसएनवी कॉलेज (केकेवी) में भी शनिवार को सौ छात्र लैपटॉप लेने नहीं पहुंच सके। कुल 1,597 में से 1423 छात्र ही लैपटॉप लेने पहुंचे।
मलिहाबाद से विधायक इंदर रावत ने प्राचार्य जीसी मिश्रा की मौजूदगी में छात्रों को लैपटॉप वितरित किए। कॉलेज प्राचार्य जीसी मिश्र ने बताया कि सभी छूटे हुए छात्रों को कॉलेज में संपर्क करने के निर्देश दिए गए हैं।
महिला कॉलेज: 73 लैपटॉप रुके
अमीनाबाद स्थित महिला कॉलेज में 1498 छात्राओं ने लैपटॉप योजना के लिए आवेदन किया था। शनिवार को इनमें 1345 छात्राओं को ही लैपटॉप मिल सका।
एनआईओएस से 12वीं उत्तीर्ण 23 छात्राओं समेत 50 अन्य की अनुपस्थिति के कारण 73 लैपटॉप रुक गए। लैपटॉप वितरण कार्यक्रम में कॉलेज की प्रबंध समिति के अध्यक्ष उमेश चन्द्रा, सहायक प्रबंधक शशि श्रीवास्तव, मोहनलालगंज से सांसद सुशीला सरोज, प्राचार्या डॉ. जया श्रीवास्तव एवं नगर मजिस्ट्रेट सीताराम गुप्ता की मौजूदगी में संपन्न हुआ।
कालीचरण डिग्री कॉलेज: विधायक ने बांटे लैपटॉप
चौक स्थित कालीचरण डिग्री कॉलेज में शनिवार को 988 छात्र-छात्राआें को लैपटॉप बांटा गया। मुख्य अतिथि शहर पश्चिम के विधायक रेहान नईम और प्राचार्य देवेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों को लैपटॉप वितरित किए।
यहां 1067 छात्र-छात्राओं को लैपटॉप वितरित होने थे मगर कुछ विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। इसके चलते 988 छात्र-छात्राओं को ही लैपटॉप मिल सका। कार्यक्रम में पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष राजकुमार सिंह राजा, अचल अग्रवाल समेत तमाम अन्य क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
खुनखुनजी कॉलेज: 472 छात्राओं को मिला लैपटॉप
चौक स्थित खुनखुन जी पीजी कॉलेज में शनिवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच लैपटॉप वितरित किए गए। यहां राजस्व परिषद की अधिकारी डॉ. अलका वर्मा ने छात्राओं को लैपटॉप दिया।
कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. उमा चौधरी ने बताया कि यहां 476 छात्राओं को लैपटॉप वितरित होना था। लेकिन, छात्राएं द्वारा शैक्षिक प्रमाणपत्र उपलब्ध नहीं कराए गए।
जिसके चलते उन्हें लैपटॉप नहीं मिल सका। डॉ. उमा ने बताया कि कार्यक्रम में 472 छात्राओं को लैपटॉप दिया गया। इस दौरान कॉलेज की सभी शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।
इस्लामिया कॉलेज: 105 छात्र रहे अनुपस्थित
कैसरबाग स्थित अमीरूदौला इस्लामिया इंटर कॉलेज में 753 छात्रों को लैपटॉप देने के लिए बुलाया गया था जिसमें से 105 बच्चे अनुपस्थित रहे।
कॉलेज में लैपटॉप वितरण के लिए तेरह कक्षाओं में व्यवस्था की गई थी। प्रत्येक कक्षा में 55 से 58 छात्रों के बैठने की व्यवस्था थी। इस्लामिया कॉलेज में लैपटॉप क्रमांक संख्या 4145 से 4897 तक के लैपटॉप छात्रों को दिए गए।
सुबह करीब दस बजे ही सभी छात्रों को बुला लिया गया था। प्राचार्य डॉ. मोहम्मद असलम सिद्दीकी, एसडीएम मोहनलालगंज एस.एन यादव, नायब तहसीलदार रामानुज सिंह की देखरेख में संपन्न हुआ।