डिस्टेंस मोड से उच्च शिक्षा हासिल कर रहे छात्रों को इंदिरा गांधी नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी के कैंपस प्लेसमेंट से नई उम्मीद बंधी है। प्लेसमेंट के दौरान 86 छात्रों को नौकरी मिली, जिसमें छह लाख रुपये सालाना का पैकेज शामिल है। प्लेसमेंट ड्राइव में दिल्ली समेत एनसीआर के छात्र शामिल हुए थे, जिनके पास नौकरी का अनुभव नहीं था। बल्कि महज सामान्य ग्रेजुएशन की डिग्री थी।
इग्नू के प्लेसमेंट ऑफिसर प्रो. मनोज कुलश्रेष्ठ के मुताबिक, समाज में यह भ्रम है कि दूरस्थ शिक्षा हासिल कर रहे छात्रों को नौकरी नहीं मिल पाती है। इस प्लेसमेंट ड्राइव से छात्रों समेत उनके परिजनों के साथ अन्य लोगों की भ्रांतियां भी दूर होंगी। कैंपस में हर महीने प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन होगा, जिसमें दिल्ली-एनसीआर के अलावा देश के अन्य भागों में पढ़ रहे छात्र भी भाग ले सकते हैं। प्लेसमेंट में देशी-विदेशी कंपनियों को बुलाया जा रहा है।
कैंपस में 22 सितंबर को आयोजित कैंपस प्लेसमेंट में 432 छात्रों ने भाग लिया, जिनमें 86 छात्र चयनित हुए थे। प्लेसमेंट में पयर्टन, बैंक, एचआर, मार्केटिंग के क्षेत्र की कंपनियों ने छात्रों को चुना है। हालांकि कई कंपनियां अभी दूसरे राउंड के बाद छात्रों की मैरिट लिस्ट जारी करेंगी। प्लेसमेंट में ट्रेवल, टूरिज्म, होटल, फ्लाइट रिजर्वेशन, कस्टमर सर्विस आदि में नौकरी का मौका मिल रहा है।