उत्तराखंड के 349 डिग्री कॉलेज विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) से अनुदान लेने के हकदार नहीं हैं। कॉलेजों में भूमि, भवन, संरचनात्मक सुविधाएं और स्टाफ की कमी के साथ ही विश्वविद्यालय से स्थायी संबद्धता नहीं होना सबसे बड़ा रोड़ा है। स्थायी संबद्धता नहीं होने से कालेज 12 बी के लिए यूजीसी को आवेदन तक नहीं कर सकते हैं। यूजीसी से अनुदान के लिए 12 बी के तहत मान्यता जरूरी है।
प्रदेश के 407 डिग्री कॉलेजों में से महज 58 को 12 बी की मान्यता है। इनमें राजकीय डिग्री कॉलेजों की संख्या 39 है। 12 बी की मान्यता नहीं होने से इन कॉलेजों को यूजीसी से अनुदान नहीं मिल सकता है। जिन कॉलेजों को 12 बी की मान्यता है, उनके लिए यूजीसी से अनुदान हासिल करने के रास्ते खुले हैं। 12 बी की मान्यता वाले कालेज यूजीसी से संसाधन, रिसर्च और प्रोजेक्ट आदि कई मदों में अनुदान हासिल करते हैं।
उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. बीसी मलकानी ने बताया कि कालेजों को स्थायी संबद्धता का मुद्दा विभागीय बैठकों में उठ चुका है। विभागीय स्तर पर इसको लेकर कवायद चल रही है।