वाहनों का बीमा कराना 1 अप्रैल से फिर महंगा होने के आसार हैं। बीमा नियामक इरडा ने बढ़ती महंगाई के मद्देनजर वाहन बीमा प्रीमियम की दरों को दोगुना-तिगुना तक करने का प्रस्ताव दिया है। इरडा के तैयार मसौदे के मुताबिक दुपहिया वाहनों, कारों और कॉमर्शियल वाहनों का थर्ड पार्टी बीमा कराना महंगा किया जाएगा।
1000 सीसी इंजन तक की कारों के लिए थर्ड पार्टी बीमा की दर में 85 फीसदी का इजाफा करते हुए इसे 1453 रुपये सालाना करने का प्रस्ताव है। वहीं, 350 सीसी से ऊपर के दुपहिया वाहनों के लिए इस दर में 108 फीसदी का इजाफा करते हुए इसे 1415 रुपये करने की तैयारी है।
थ्री व्हीलर को छोड़कर सामान ढोने वाले वे वाहन, जिनकी सामान ढोने की क्षमता 40 हजार किलोग्राम से ज्यादा होगी, उनका प्रीमियम 313.45 फीसदी बढ़ाकर 53,832 रुपये सालाना करने का प्रस्ताव है। मालूम हो कि इससे पहले मार्च 2012 में बीमा प्रीमियम में बढ़ोतरी की गई थी, जिसका ट्रांसपोर्टरों ने कड़ा विरोध किया था।